धनबाद(DHANBAD) : पूर्व मध्य रेल द्वारा रेल परिचालन के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए मिशन रफ्तार के तहत बुधवार को महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह के नेतृत्व में ग्रैंडकॉर्ड रेलखंड के पं.दीनदयाल उपाध्याय जं. से धनबाद जं. तक 180 किमी प्रति घंटे तक की गति के साथ स्पेशल ट्रेन द्वारा स्पीड ट्रायल सफलतापूर्वक संपन्न किया गया.
यह पूर्व मध्य रेल के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है. इस स्पीड ट्रायल के सफलापूर्वक संपन्न होने के साथ ही पूर्व मध्य रेल की उपलब्धियों में एक और अध्याय जुड़ गया है. यह रेलवे की तकनीकी क्षमता को दर्शाता है, साथ ही यह भविष्य में तेज़ और सुरक्षित यात्रा का मार्ग भी प्रशस्त करेगा।
पूर्व मध्य रेल यात्रियों के संरक्षित परिचालन के लिए कृतसंकल्प है । इसके तहत बिहार, झारखंड एवं उत्तर प्रदेश राज्य में पूर्व मध्य रेल क्षेत्राधिकार के लगभग 412 किलोमीटर लंबे ग्रैंड कॉर्ड रेलवे ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग किया जा रहा है. इनमें प्रधानखंटा से धनबाद, नेसुबो गोमो, कोडरमा, गया, सोननगर होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक 412 किलोमीटर रेलखंड में फेंसिंग का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है. इसके साथ इस रेलखंड पर कवच की स्थापना का भी कार्य तीव्र गति से प्रगति पर है.
इस दौरान पं.दीनदयाल उपाध्याय जं. से गया तक पं. दीनदयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना तथा गया से धनबाद तक धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र सहित मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारीगण उपस्थित थे. यह जानकारी मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने दी है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


