BREAKING: चाईबासा के सारंडा में नक्सलियों का आतंक, एयरटेल टावर और जेनसेट जलाए

    BREAKING: चाईबासा के सारंडा में नक्सलियों का आतंक, एयरटेल टावर और जेनसेट जलाए

    चाईबासा (CHAIBASA) : चाईबासा के पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों का आतंक एक बार फिर सिर उठा रहा है. 8 से 14 अक्टूबर तक प्रतिशोध सप्ताह के दौरान नक्सलियों ने शुक्रवार की रात जराईकेला थाना क्षेत्र के कोलबोंगा गांव में स्थित एयरटेल मोबाइल टावर पर हमला कर दिया. करीब 15- 20 की संख्या में हथियारबंद नक्सली गांव पहुंचे और टावर के नीचे लगे जेनसेट व मशीनों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. देखते ही देखते पूरा उपकरण जलकर खाक हो गया. घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है.

    नक्सलियों ने टावर को जलाने के बाद नारेबाजी भी की और यह संदेश देने की कोशिश की कि उनका प्रभाव अभी भी इस क्षेत्र में कायम है. माना जा रहा है कि नक्सली इस हमले के जरिए संचार तंत्र को ध्वस्त करना चाहते हैं, ताकि सुरक्षा बलों की गतिविधियों की सूचना क्षेत्र से बाहर न जा सके.

    पिछले कुछ दिनों से सारंडा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियां तेजी से बढ़ी हैं. हाल ही में नक्सलियों ने तीन जगहों पर आईईडी विस्फोट कर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया था, जिसमें एक जवान शहीद हो गया था और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. सुरक्षा बलों ने नक्सल विरोधी अभियान को तेज कर दिया है और जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है. नक्सलियों की हर गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है. लगातार हो रही नक्सली घटनाओं से सारंडा जंगल और आसपास के इलाकों में खौफ का माहौल है.

    रिपोर्ट-संतोष वर्मा

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news