धनबाद में हाड़ कपा रही है ठंड, रिकॉर्ड तोड़ सात डिग्री पर पहुंचा पारा

    धनबाद में हाड़ कपा रही है ठंड, रिकॉर्ड तोड़ सात डिग्री पर पहुंचा पारा

    धनबाद(DHANBAD): 1994 में धनबाद का न्यूनतम पारा 5 डिग्री दर्ज किया गया था. उसके बाद 2010 में सबसे कम 8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ था. लेकिन 2023 में 2010 के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए पारा 7 डिग्री रिकॉर्ड हुआ है. मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार धनबाद में ठंड 13 साल पुराने अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. 24 घंटे में धनबाद के न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. सोमवार को दिन की शुरुआत ही ठंड से हुई. मौसम में अचानक बदलाव आया.  कुहासा के कारण ठंड और बढ़ गई. बादल और कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान घटकर 7 डिग्री पहुंच गया. सुबह 9:00 बजे के बाद धीरे-धीरे कुहासा का असर कम हुआ. तापमान में गिरावट से अचानक धनबाद में ठंड अधिक हो गई. रविवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था. वहीं सोमवार को तापमान घटकर 7 डिग्री हो गया. वैसे सोमवार को अधिकतम तापमान 23 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.

    स्कूल बंद करने की मांग 

    मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिन तक मौसम में बहुत बदलाव नहीं होगा. वैसे सुबह-सुबह धनबाद में कुहासा इतना अधिक रहा है कि सड़क पर वाहन चालकों को भारी परेशानी हो रही है. 100 मीटर की दूरी तक भी साफ साफ नहीं दिख रहा है. मौसम विभाग के अनुसार 5 जनवरी के बाद मौसम में कुछ बदलाव हो सकता है. फिलहाल सुबह में कोहरा छाए रहेंगे, सर्द हवाएं भी रहेंगी, कनकनी भी रहेगी.  इधर, सोमवार को छुट्टी के बाद स्कूल खुल गए. बच्चे हाड़ कपाती ठंड में स्कूल जा रहे हैं. कुछ स्कूलों ने समय को बदल दिया है. इधर अभिभावक महासंघ ने भीषण ठंड को देखते हुए स्कूल बंद करने की मांग की है. उनका यह भी आरोप है कि उपायुक्त के आदेश का कई स्कूल संचालक पालन नहीं कर रहे हैं. उपायुक्त ने आदेश दिया था कि किसी भी हाल में सुबह 8:55 से पहले स्कूल नहीं खोले जाएं और यह आदेश 28 फरवरी तक के लिए प्रभावी था. 28 फरवरी के बाद स्कूल संचालक अपनी सुविधा के अनुसार समय बदल सकते हैं. ऐसा ही आदेश धनबाद के डीसी ने दिया था. देखना है ठंड को देखते हुए स्कूल संचालक क्या निर्णय लेते हैं.

    रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news