बोकारो : धवैया में पीड़ित परिवार से मिले गोमिया विधायक डॉ लम्बोदर महतो, पीट-पीटकर कर दी गई थी युवक की हत्या


बोकारो (BOKARO): भीड़ के द्वारा इमरान अंसारी की पीट-पीटकर हत्या मामले में गुरुवार को गोमिया विधायक डॉ लम्बोदर महतो धवैया गांव जाकर पीड़ित परिवार से मिले. और पीड़ित के परिजनों को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया. उन्होंने पीड़ित परिवार को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत पीएम आवास,पेंशन के अलावे अन्य सरकारी लाभ दिलाने का आश्वासन दिया. साथ ही उन्होंने सरकार से मृतक के आश्रित को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा देने की मांग की है. उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि आज के वर्तमान समय में राज्य सरकार पूरी तरह से फेल साबित हो रही है. वर्तमान सरकार में कानून नाम की कोई चीज नही है।इस तरह की घटना कानून व्यवस्था के लिए एक चुनौती है. उन्होंने कहा कि विकृत मानसिकता वाले लोगो को रोकने की जरूरत है, अन्यथा समाज मे अराजकता फैलने से कोई नहीं रोक सकता है.
क्या है मामला
बता दें कि बोकारो जिले के महुआटांड़ थानाक्षेत्र के धवैया में बीते दिनों भीड़ के द्वारा इमरान अंसारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में पीड़ित परिवार की ओर से 21 लोगों पर मामला दर्ज कराया था. वहीं पुलिस ने ततपरता दिखाते हुए 11 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया था. उस समय प्रशासन ने पूरे धवैया गांव में 7 अक्टूबर से 10 अक्टूबर के मध्य रात्रि तक निषेधाज्ञा लागू कर दिया था. कोई अनहोनी घटना न घटे इसे लेकर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात थी.
रिपोर्ट : संजय कुमार, गोमिया/बोकारो
4+