2 महीने से लापता महिला का जंगल में मिला शव, प्रेम संबंध की जांच में जुटी पुलिस

    2 महीने से लापता महिला का जंगल में मिला शव, प्रेम संबंध की जांच में जुटी पुलिस

    कोडरमा (KODERMA): जिले में एक महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया है. सदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव के पास स्थित जंगल में एक 40 वर्षीय महिला का शव देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान नवलशाही थाना क्षेत्र के धुमाडीह गांव निवासी शकुंतला देवी, पत्नी सुनील ठाकुर के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, इंदरवा पंचायत के मलकोको गांव के पास जंगल में ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने तुरंत अन्य लोगों को इसकी सूचना दी और पुलिस को भी अवगत कराया.

    सूचना मिलते ही कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. शुरुआती जांच में महिला की पहचान की गई, जिसके बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, शकुंतला देवी पिछले करीब दो महीने से लापता थीं. ग्रामीणों ने बताया कि महिला का अपने पति के साथ विवाद चल रहा था, जिसके बाद उसने महिला थाने में शिकायत भी दर्ज कराई थी. इसी दौरान उसने यह भी कहा था कि वह कोडरमा थाना क्षेत्र के बदडीहा निवासी एक युवक से प्रेम करती है और उसके साथ रहना चाहती है.

    बताया जा रहा है कि महिला अपने कथित प्रेमी के घर भी पहुंची थी, लेकिन उसके परिवार ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था. इसके बाद से ही वह लापता हो गई थी. मामले पर थाना प्रभारी विकास पासवान ने बताया कि शव पर किसी तरह के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके.

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. मृतका के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है. बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा अपने पिता के साथ रहता है. घटना के बाद इलाके में चर्चा और चिंता का माहौल बना हुआ है.



    Related News