हुसैनाबाद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने संभाली कमान

    हुसैनाबाद में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने संभाली कमान

    पलामू(PALAMU): झारखंड में निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज है.चुनाव की तारीख नजदीक आते आते अब तपिश भी बढ़ गई है.इसी कड़ी में हुसैनाबाद नगर पंचायत में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मंत्री ने जनसंपर्क किया. स्थानीय कार्यक्रताओं के साथ बैठक कर जीत की रणनीति तय की गई.       

    हुसैनाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव के तहत भाजपा समर्थित प्रत्याशी के समर्थन में एक भव्य एवं प्रभावशाली संगठनात्मक बैठक का आयोजन खादी ग्राम उद्योग के समीप स्थित उदय विश्वकर्मा हॉल में किया गया. बैठक का उद्देश्य संगठन को और अधिक सशक्त बनाना, चुनावी रणनीति को धार देना तथा जनसंपर्क अभियान को व्यापक स्तर पर गति प्रदान करना था. कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं का उत्साह, अनुशासन और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से देखने को मिली.

    बैठक में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष  आदित्य साहू जी मुख्य रूप से उपस्थित हुए. उनके आगमन से सभा में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार हुआ. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद नगर पंचायत को विकास, पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प भाजपा ने लिया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा का उद्देश्य केवल चुनावी विजय नहीं, बल्कि जनविश्वास अर्जित कर नगर के सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करना है.

    प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक सशक्त संगठन खड़ा करने, घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पार्टी की नीतियों को प्रत्येक मतदाता तक पहुँचाने का आह्वान किया. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हुसैनाबाद की जागरूक एवं विकासोन्मुख जनता इस बार भाजपा समर्थित प्रत्याशी को अपना समर्थन और आशीर्वाद प्रदान करेगी.

    इस अवसर पर झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं हुसैनाबाद के वरिष्ठ भाजपा नेता  कमलेश कुमार सिंह जी ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि हुसैनाबाद की जनता ने सदैव विकास और स्थिर नेतृत्व को प्राथमिकता दी है. भाजपा ने क्षेत्र में आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क एवं अन्य जनहितकारी कार्यों के माध्यम से विकास की मजबूत नींव रखी है. उन्होंने कहा कि नगर पंचायत चुनाव स्थानीय विकास की दिशा निर्धारित करने वाला महत्वपूर्ण अवसर है और भाजपा समर्थित प्रत्याशी की विजय हुसैनाबाद के उज्ज्वल भविष्य की गारंटी होगी.

    बैठक में प्रदेश महामंत्री  मनोज सिंह जी, जिला अध्यक्ष  अमित तिवारी जी सहित पार्टी के मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित रहे. सभी नेताओं ने एकजुट होकर संगठनात्मक एकता और समर्पण के साथ चुनाव अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया.

    बैठक के दौरान बूथ प्रबंधन, मतदाता सूची की समीक्षा, महिला एवं युवा मतदाताओं तक प्रभावी पहुँच, सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार तथा जनसंवाद कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई. नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संयम, अनुशासन और सकारात्मक संवाद के माध्यम से मतदाताओं का विश्वास जीतने का आह्वान किया.

    भाजपा परिवार ने पूर्ण विश्वास व्यक्त किया कि हुसैनाबाद की जनता विकास, पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसेवा के मार्ग को चुनते हुए भाजपा समर्थित प्रत्याशी को अपना बहुमूल्य मत और आशीर्वाद देगी तथा नगर को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करेगी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news