रांची(RANCHI): - भाजपा 11 अप्रैल को सचिवालय घेराव करने जा रही है. इस कार्यक्रम की सफलता के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है. इसलिए यह उम्मीद की जा रही है कि पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक आ रहे हैं. इस कार्यक्रम में आने वाले लोग धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में एकत्र होंगे, वहां से फिर सचिवालय घेराव के लिए आगे बढ़ा जाएगा. बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन भाजपा के इस कार्यक्रम को लेकर काफी गंभीर है. उसने अपने खुफिया तंत्र को पूरी तरह से एक्टिवेट कर दिया है.
जिले के अलग-अलग स्थानों पर फोर्स अलर्ट
अलग-अलग स्थानों पर स्पेशल ब्रांच के लोग भी तैनात किए जा रहे हैं. जिला प्रशासन को यह आशंका है कि जिस प्रकार की तैयारी भाजपा की ओर से हो रही है और जो दावा किया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग सचिवालय घेराव कार्यक्रम में आ सकते हैं. उस दृष्टिकोण से तैयारी मुकम्मल की जा रही है. जिला प्रशासन ने सिर्फ धुर्वा में ही तैयारी नहीं की है, बल्कि जिले के अलग-अलग स्थानों पर भी फोर्स को अलर्ट किया है. जिले में प्रवेश करने वाले रास्तों पर भी पुलिस फोर्स तैनात रहेंगे. यातायात व्यवस्था ठीक-ठाक रहे इसके लिए भी व्यवस्था की गई है.
पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक पहुंच रहे रांची
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा है कि पूरे प्रदेश से बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता और समर्थक सड़क मार्ग और रेल मार्ग से रांची पहुंच रहे हैं इसको लेकर बड़ी तैयारी की गई है. धुर्वा के जगन्नाथ मैदान (प्रभात तारा मैदान) में सभी लोगों के भोजन का इंतजाम किया गया है. ट्रेन से आने वाले लोगों के लिए भी वाहन का इंतजाम रखा गया है. कई धर्मशाला और गेस्ट हाउस की भी व्यवस्था हो गई है. इधर कुड़मी आंदोलन भी स्थगित हो गया है. इस आंदोलन की वजह से ट्रेनों का रांची के तरफ आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया था.
किसी भी परिस्थिति से निबटने के लिए प्रशासन तैयार
इधर जिला उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने कहा है कि सचिवालय घेराव के कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने आवश्यक तैयारी की है. वरीय पुलिस अधीक्षक किशोर कौशल ने कहा कि जगह-जगह पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं. किसी भी परिस्थिति से निबटने के लिए प्रशासन तैयार है.


