भाजपा अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधते क्या-क्या लगाए आरोप, जानिए खबर में


रांची(RANCHI): राज्य में सुखाड़ की स्थिति और सरकार को उसकी घोषणापत्र में किए गए वादे को याद दिलाने के लिए बीजेपी की ओर से प्रेस कान्फ्रेन्स की गई. मीडिया को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने राज्य सरकार को जमकर लताड़ लगाई और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को झूठ की खेती करने वाला कहा. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लगातार झूठ की खेती कर रहे हैं. झारखंड की जमीन भले ही सुख चुकी हो मगर, मुख्यमंत्री लगातार झूठ की खेती कर रहे हैं. मुख्यमंत्री ने कहा था कि वे स्थानीय लोगों के रोजगार के लिए निजी क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण को जल्द लागू करेंगे. मगर वे बताए कि स्थानीय क्षेत्र में 75 फीसदी आरक्षण बिना स्थानीय नीति के कैसे लागू करेंगे. स्थानीय नीति के मामले में पहले स्थिति स्पष्ट करें.
“भ्रष्टाचार की बदबू नहीं दुर्गंध”
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आगे कहा कि इस सरकार से भ्रष्टाचार की बदबू नहीं बल्कि दुर्गंध आ रही है. उन्होंने कहा कि 90 रुपए की साड़ी को सरकार ने 190 रुपए में खरीदने का काम किया है. धोती और लूंगी की बात करूं तो उससे भ्रष्टाचार की बदबू नहीं बल्कि उसमें भी भ्रष्टाचार की दुर्गंध आ रही है. राज्य की जनता को बताइए कि क्या हुआ इस धोती और लूंगी का. उन्होंने आगे कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों से जनता परेशान है और मुख्यमंत्री नहीं समझ रहे हैं. बीजेपी ने लगातार राज्य सरकार से वैट घटाने की मांग की है. भारत सरकार ने 4 बार पेट्रोलियम पर दाम कम किया जबकि राज्य की सरकार ने एक बार भी वैट नहीं घटाया. प्रधानमंत्री का सपना है कि कोई आदमी पैसे के अभाव से इलाज से वंचित ना हो इसलिए आयुष्मान योजना शुरू की गई. मगर मुख्यमंत्री ने इस योजना को अपने नाम कर ली. 26 अस्पताल पर राज्य सरकार का बकाया है. इसलिए गरीबों को आयुष्मान का लाभ नहीं मिल रहा.
“झूठ बोलने वाले विश्वविद्यालय के वीसी होंगे सीएम
झारखंड में लगातार अनावृष्टि के कारण 24 जिलों में 13 जिले बहुत बुरी तरह से प्रभावित हैं. जहां पर बिन बरसात के किसान परेशान हैं. 7 जिलों में समस्या भयंकर हैं. ऐसे 4 जिलों में बिचड़ा की बुआई की गई है. एक कहावत है का वर्षा जब कृषि सुखाने. पानी होने से अब खेतिहर और किसानों को कोई लाभ नहीं मिलने वाला. राज्य सरकार नींद में सोई रही. सरकार ने गंभीरता नहीं दिखाई. जब केंद्र सरकार ने राज्य सरकार को पत्र लिखा तो जब राज्य सरकार के कान में जूं रेंगा. और तब अधिकारियों की बैठक बैठी. सरकार को मतलब इससे नहीं बल्कि सिर्फ लीज लेने से मतलब है और घोटाले से मतलब है. उन्होंने आगे पूछा कि घोषणा पत्र में किसान बैंक की बात थी क्या हुआ उसका. अनाज के समर्थन मूल्य का क्या हुआ. बोरिंग पर सब्सिडी का क्या हुआ. सिंचाई के लिए बिजली कनेक्शन मुफ़्त देने का क्या हुआ. घोषणापत्र पढिए. अगर आप नहीं पढ़ सकते तो बताइए हमारा कोई कार्यकर्ता जोर-जोर से फिरायालाल चौक पर पढ़ेगा. स्कूल की हालत ठीक कीजिए तब मॉडल स्कूल बनाने की बात कीजिएगा. दीपक प्रकाश ने कहा कि झूठ बोलने का कहीं विश्वविद्यालय खोला जाएगा तो मुख्यमंत्री उसके vc होंगे और बाकी मंत्री उसके शिक्षक होंगे.
प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी ने तय किया है कि आज जन्माष्टमी का दिन न्याय का दिन है इसलिए पार्टी आंदोलन तय करेगी और सरकार के खिलाफ ईंट से ईंट बजाने का कार्य करेंगी ताकि राज्य की जनता के साथ न्याय हो.
4+