बिहार: गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने क्यों कह दिया-एक -एक की फाइल है, सबका इलाज होगा

    बिहार: गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने क्यों कह दिया-एक -एक की फाइल है, सबका इलाज होगा

    TNP DESK- बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी और राजद में ठन  गई है.  सम्राट चौधरी के बयान से सियासी खलबली मच गई है.  बिहार विधान परिषद के बजट सत्र  के दौरान गृह मंत्री ने विपक्ष के सदस्यों को चेतावनी देते हुए कहा था कि उनके पास सभी की फाइल है, कौन क्या करता है, इसका पूरा डाटा उनके पास है.  वह एक-एक आदमी का इलाज करेंगे.  इस पर राष्ट्रीय जनता दल ने पलटवार किया है.  राजद के  विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि अगर गृह मंत्री को गिरफ्तार करना है, तो कर लें.  वह डराते  क्यों है? भाई वीरेंद्र ने मंगलवार को सम्राट चौधरी के बयान पर पलटवार किया.

    उन्होंने कहा कि वह गृह मंत्री हैं, तो निश्चित रूप से सभी विधायकों की फाइल उनके पास होगी. अगर उन्हें लगता है कि किसी को गिरफ्तार करना है, तो कर लीजिए, अच्छा रहेगा. अगर सम्राट चौधरी डराना चाहते हैं तो आरजेडी के विधायक डरने वाले नहीं हैं.  उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में कानून का राज खत्म हो गया है.  आज कल  देखकर कानून बनाया जा रहा है कि किसको शिकंजे में लेना है और किसको बचाना है. 

    दरअसल, गृह मंत्री ने सोमवार को विधान परिषद में अपने संबोधन में विपक्ष पर निशाना साधा था.  उन्होंने कहा था कि टारगेट आजकल सम्राट चौधरी हो गए हैं.  कोई गलतफहमी में ना रहे, सब का इलाज करूंगा, एक-एक आदमी का इलाज करूंगा, किसी को छोड़ा  नहीं जा सकता।  एक-एक आदमी का रिकॉर्ड मेरे पास है.  सब की फाइल है, कौन क्या कर रहा है.  सब रिकॉर्ड में है.  इधर, मंगलवार को बिहार विधानसभा में भी जमकर हंगामा हुआ.  मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी गुस्से में आ गए.  लगातार हंगामा से नाराज नीतीश कुमार ने कहा कि हंगामा मत करिए, आप लोग थोड़ा सा हैं और इतना ज्यादा हल्ला कर रहे हैं.  विपक्ष पर भड़कते हुए सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि आप लोग बेमतलब का मत बोलिए, बैठिए चुपचाप.

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news