Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बार -बार क्यों देनी पड़ रही सफाई कि इधर-उधर नहीं होंगे, पढ़िए !

    Bihar Politics: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बार -बार क्यों देनी पड़ रही सफाई कि इधर-उधर नहीं होंगे, पढ़िए !

    धनबाद(DHANBAD) : आखिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को यह सफाई क्यों देनी पड़ रही है कि अब वह इधर-उधर नहीं जाएंगे. 48 घंटे में दूसरी बार उन्होंने सफाई दी है.  कहा है कि एनडीए को छोड़कर राजद के साथ महागठबंधन में नहीं जाएंगे. शनिवार को पटना में अपने दल के एक कार्यक्रम में भाषण के दौरान फिर उन्होंने इस बात को रिपीट किया. बता दें कि बिहार के मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभा में भी उन्होंने इधर-उधर नहीं जाने की बात कही थी.  इससे राजद को नीतीश कुमार पर तंज कसने  का  एक मौका मिल गया है. 

    राजद  के लोग पूछ रहे हैं कि आखिर क्या वजह है कि नीतीश कुमार को बार-बार सफाई देनी पड़ रही है. शनिवार को पटना में जदयू के किसी प्रकोष्ठ का सम्मेलन था.  जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि थे. उन्होंने सम्मेलन में जदयू  और एनडीए को समर्थन करने की अपील की.  इसी दौरान नीतीश कुमार ने कहा कि अब वह इधर-उधर होने वाले नहीं है. जिनके साथ हैं, उन्हीं के साथ रहेंगे. बीच में पार्टी के कुछ लोगों ने गड़बड़ी कर दी थी, तो उधर चले गए थे.  

    अब कहीं नहीं जाएंगे, नीतीश कुमार के लगातार इस बयान पर राजद ने तंज कसना शुरू कर दिया है. राजद  प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पूछा है कि नीतीश कुमार को क्या हो गया है कि बार-बार उन्हें सफाई देनी पड़ रही है. हर एक मंच से सफाई देते फिर रहे हैं कि अब इधर-उधर नहीं जाएंगे. जनता की भलाई की कोई बात नहीं करते. उन्होंने कहा है कि 2025 में नीतीश कुमार की राजनीति खत्म हो जाएगी. इधर, बीजेपी ने राजद  के तंज पर प्रतिक्रिया दी है कि बिहार में एनडीए एकजुट है, जिससे विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है. कुछ भी कर ले लेकिन जनता अब विपक्ष को मौका देने नहीं जा रही है. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News