टीएनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड के हजारों अभ्यर्थियों के लिए अहम अपडेट सामने आया है. राज्य में 10 मई 2026 को प्रस्तावित B.Ed, M.Ed और B.P.Ed संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है. झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद ने अपरिहार्य कारणों का हवाला देते हुए यह फैसला लिया है और अगली सूचना तक परीक्षा नहीं कराने की घोषणा की है.
पर्षद की ओर से जारी आधिकारिक नोटिस में बताया गया है कि परीक्षा पहले तय कार्यक्रम के अनुसार रविवार, 10 मई को राज्यभर के विभिन्न केंद्रों पर आयोजित होनी थी, लेकिन अब इसे टाल दिया गया है. नई परीक्षा तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी, जिसकी जानकारी अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट और समाचार माध्यमों के जरिए दी जाएगी. परीक्षा स्थगित होने से अभ्यर्थियों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है. कई छात्र लंबे समय से इस परीक्षा की तैयारी में जुटे थे और अंतिम चरण में पहुंच चुके थे. अचानक आए इस निर्णय ने उनकी योजना को प्रभावित किया है. हालांकि कुछ छात्र इसे अतिरिक्त तैयारी का मौका भी मान रहे हैं.
अभ्यर्थी उमेश रंजन का कहना है कि परीक्षा टलने से निराशा जरूर हुई है, लेकिन अगर कोई जरूरी कारण रहा होगा तो उम्मीद है कि पर्षद जल्द नई तिथि घोषित करेगा. वहीं दिनेश प्रसाद ने कहा कि इस बदलाव से उनकी रणनीति पर असर पड़ा है, लेकिन अब उन्हें तैयारी को और मजबूत करने का समय मिल गया है. पर्षद ने सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों से दूर रहें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. साथ ही, नियमित रूप से JCECEB की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने को कहा गया है, ताकि नई तारीख से जुड़ी जानकारी समय पर मिल सके.
गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य में प्रवेश परीक्षाओं को लेकर बदलाव देखने को मिले हैं, जिससे छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ा था. ऐसे में इस बार भी परीक्षा स्थगन के बाद अभ्यर्थी सतर्क हैं और जल्द नई तारीख घोषित करने की मांग कर रहे हैं. फिलहाल इतना स्पष्ट है कि 10 मई को परीक्षा नहीं होगी और अगली सूचना का सभी को इंतजार है.

