झारखंड विधानसभा चुनाव: पढ़िए धनबाद जिला ने कैसे - न किसी को खुश किया और न किसी को नाराज 

    झारखंड विधानसभा चुनाव: पढ़िए धनबाद जिला ने कैसे - न किसी को खुश किया और न किसी को नाराज

    धनबाद(DHANBAD):  धनबाद जिला 2024 के विधानसभा चुनाव में ना किसी से दोस्ती, ना किसी से बैर की युक्ति को चरितार्थ किया है.  धनबाद जिले की 6 विधानसभा सीट में भाजपा को भी धनबाद ने  तीन सीट दे दी है, तो इंडिया ब्लॉक को भी तीन सीट देकर  खुश होने का मौका दे दिया है.  भाजपा ने धनबाद सदर, झरिया तथा बाघमारा सीट पर जीत दर्ज की.  तो इंडिया ब्लॉक ने सिंदरी, निरसा  एवं टुंडी सीट पर कब्जा जमा कर भाजपा के बराबरी की.  सिंदरी  तथा निरसा  सीट पर माले  की जीत हुई.  विशेष बात यह है कि यह दोनों सीट  माले  ने भाजपा से छीन ली है.  

    धनबाद जिले से कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया

    धनबाद जिले से कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो गया है.  2019 के चुनाव में झरिया से कांग्रेस ने जीत हासिल की थी.  भाजपा को जहां दो पुरानी सीटों पर नुकसान हुआ है, तो एक नई सीट झरिया में जीत मिली है.   धनबाद सदर से भाजपा के राज सिन्हा  लगातार तीसरी बार चुनाव जीते और उन्होंने इस सीट पर भाजपा का कब्जा बरकरार रखा.  इसके साथ ही राज सिन्हा ने पूर्व  सांसद पशुपतिनाथ सिंह के धनबाद से तीन बार जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली है.  बाघमारा सीट पर भी भाजपा ने लगातार तीसरी बार कब्जा किया, लेकिन इस बार  प्रत्याशी बदले हुए थे.  यहां से भाजपा के टिकट पर ढुल्लू महतो लगातार दो बार चुनाव जीत चुके है.  ढुल्लू महतो के सांसद बन जाने के बाद उनके भाई को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया था. 

    झरिया सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की है
     
    झरिया सीट पर भी भाजपा ने जीत हासिल की है.  यह  सीट भाजपा ने कांग्रेस से छिनी  है.  पिछली बार इस सीट से कांग्रेस की पूर्णिमा नीरज सिंह ने जीत हासिल की थी.  इस बार झरिया  से भाजपा की रागनि  सिंह ने जीत हासिल की है.  धनबाद सदर सीट पर भाजपा को 1,36,336 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के अजय कुमार दुबे को 87,595 वोट प्राप्त हुए.  झरिया सीट पर भाजपा की रागनी सिंह को 87,892 वोट मिले, जबकि कांग्रेस की पूर्णिमा नीरज सिंह को 73,381 वोट प्राप्त हुए.  बाघमारा सीट पर भाजपा के शत्रुघ्न महतो को 87,529 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के जलेश्वर महतो को 68, 847 मत प्राप्त हुए. 

    रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो 



    Related News