रांची(RANCHI): झारखंड उत्पाद सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक मामले में रांची पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है. मामले की जांच कर रही विशेष टीम ने बिहार के सहरसा जिले में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक का नाम अमृत राज उर्फ बुलबुल बताया जा रहा है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और पश्चिम बंगाल में नौकरी करता था.
अमृत राज का नाम पहले से गिरफ्तार आरोपियों की पूछताछ में सामने आया था. इसके बाद से ही रांची पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी. पुलिस को सूचना मिली थी कि वह अपने घर सहरसा आया हुआ है. इसी इनपुट के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया.
बताया जा रहा है कि अमृत राज सिलीगुड़ी में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन में क्लर्क के पद पर कार्यरत था. जांच एजेंसियों को शक है कि पेपर लीक नेटवर्क से उसका सीधा संबंध था और वह इस पूरे खेल में अहम भूमिका निभा रहा था. गिरफ्तारी के बाद उसे रांची लाया गया है, जहां अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया.
रांची पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की तैयारी कर रही है. अधिकारियों का मानना है कि अमृत से पूछताछ में पेपर लीक गिरोह से जुड़े कई और अहम खुलासे हो सकते हैं. मामले को लेकर रांची के हेडक्वार्टर डीएसपी वन अमर पांडेय ने कहा कि जांच के दौरान आरोपी की संलिप्तता सामने आई थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया.
गौरतलब है कि 11 अप्रैल को रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र स्थित रडगांव में एक अर्धनिर्मित नर्सिंग कॉलेज में पुलिस ने बड़ी छापेमारी की थी. इस कार्रवाई में सॉल्वर गैंग से जुड़े कई लोगों समेत कुल 159 अभ्यर्थियों को पकड़ा गया था. जांच में सामने आया था कि परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों को संभावित प्रश्नों के उत्तर याद करवाए जा रहे थे.
आरोपियों ने दावा किया था कि 12 अप्रैल को होने वाली उत्पाद सिपाही परीक्षा में वही प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें रटवाया जा रहा है. इसके बदले अभ्यर्थियों से लाखों रुपये वसूले गए थे. अब तक इस पूरे मामले में 166 लोगों को जेल भेजा जा चुका है और जांच लगातार जारी है.

