धनबाद(DHANBAD): हीरापुर स्थित पार्क मार्केट क्षेत्र में एक खास मौके पर शहीद क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद के पौत्र अमित आजाद पहुंचे. इस दौरान वह राजेश बरनवाल के आवास पर रुके, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला.
अमित आजाद आगामी 7 अप्रैल को निरसा के बैजना स्थित महर्षि दयानंद गुरुकुल में आयोजित होने वाले एक कार्यक्रम में भाग लेने धनबाद पहुंचे हैं. इस कार्यक्रम में वे मुख्य रूप से उद्बोधन देंगे, साथ ही तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा और शहीद क्रांतिकारी मंगल पांडेय को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी.
मीडिया से बातचीत के दौरान अमित आजाद ने कहा कि वे करीब 4 साल बाद धनबाद आए हैं और यहां आकर उन्हें विशेष खुशी हो रही है. उन्होंने कहा कि चाहे आज के हालात हों या आजादी से पहले के, देश की जनता की भावना ही हमेशा सर्वोपरि रही है और सरकारें भी उसी के अनुरूप कार्य करती हैं. उन्होंने यह भी कहा कि आज भी देश के बलिदानी क्रांतिकारियों को जनता ने अपने दिल में जिंदा रखा है.
उन्होंने युवाओं को खास संदेश देते हुए कहा कि आज के दौर में टेक्नोलॉजी का सही उपयोग करना बेहद जरूरी है. उन्होंने मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर देश के इतिहास और क्रांतिकारियों को समझने की अपील की. उन्होंने बताया कि देश को आजादी दिलाने में करीब 7 लाख 23 हजार क्रांतिकारियों ने अपना बलिदान दिया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता.
अमित आजाद ने अपनी यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि हाल ही में उन्होंने देशभर में 1 लाख 60 हजार किलोमीटर की यात्रा पूरी की है. इस दौरान वे महाराष्ट्र से लेकर पश्चिम बंगाल तक भ्रमण करते रहे और बच्चों को देश के महान क्रांतिकारियों के बारे में जागरूक किया. उन्होंने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अलग-अलग नायकों को जानते हैं, लेकिन सभी को हर क्रांतिकारी के योगदान को समझना चाहिए.
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं को क्रांतिकारियों से सीख लेने की जरूरत है. उनके लिए देश सबसे ऊपर था और भारत उनकी मां थी. ऐसे में युवाओं को भी राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए और देशभक्ति की भावना को अपने जीवन में उतारना चाहिए.
रिपोर्ट: नीरज कुमार
Thenewspost - Jharkhand
4+


