धनबाद(DHANBAD): धनबाद में शनिवार को दिन में ही रात का नजारा दिखने लगा था. तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई और उसके बाद ओलावृष्टि ने तांडव शुरू कर दिया। पिछले एक सप्ताह से धनबाद और इसके अगल-बगल के इलाकों का मौसम बदल रहा है. हर दोपहर के बाद तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो जा रही है. ओलावृष्टि इसके पहले भी हो चुकी है और आज भी ओलावृष्टि हुई और जोरदार ढंग से हुई. शनिवार दोपहर के बाद आसमान में बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई.
वैसे तो कोयलांचल में आज सुबह भी बारिश हुई. यह बारिश बंगाल और बिहार में भी देखी गई. सुबह मॉर्निंग वॉक को जाने वाले लोगों को परेशानी हुई. हवा में ठंडक महसूस की गई. जो लोग रोज की तरह कपड़े पहनकर निकले थे, उन्हें या तो अपनी दूरी कम करनी पड़ी या फिर घर लौट जाना पड़ा. दोपहर बाद तो मौसम ने अपना रंग ही बदल लिया।
आसमान में काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई. फिर तो ओलावृष्टि की शुरुआत हो गई. ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हुआ है. आम के मोजर लगे हुए हैं ,अब टीकोडे भी पकड़ रहे है. उनका बड़ा नुकसान हुआ है. इस बारिश का असर गेहूं के फसल पर भी पड़ सकता है. मौसम के इस बदलाव से सर्दी, खांसी और बुखार पीड़ितों की संख्या बढ़ गई है.
रिपोर्ट -धनबाद ब्यूरो
Thenewspost - Jharkhand
4+


