नर्सिंग होम में महिला की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर और कर्मी फरार

    नर्सिंग होम में महिला की मौत के बाद परिजनों ने किया हंगामा, डॉक्टर और कर्मी फरार

    दुमका (DUMKA): दुमका शहर के बागान पाड़ा स्थित अमीषा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के 24 घंटे बाद एक महिला मरीज की मौत हो गई. मरीज की मौत पर परिजनों ने जमकर हंगामा किया. परिजनों द्वारा नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ की गई. परिजनों का आक्रोश देखकर नर्सिंग होम के संचालक समेत तमाम डॉक्टर और कर्मी फरार हो गए.

    परिजन कर रहे कार्रवाई की मांग

    सूचना मिलने पर नगर थाना प्रभारी अरविंद कुमार दल बल के साथ नर्सिंग होम पहुंचे. पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    इसी बीच पता चला कि ऑपरेशन करने वाले सर्जन एक कमरे में छिपे हुए हैं. फिर क्या था पूरी भीड़ उस कमरे की तरफ दौड़ गई. डॉक्टर जब तक भीड़ के हत्थे चढ़ते उसके पूर्व ही नगर थाना की पुलिस ने डॉक्टर को अपने सुरक्षा घेरा में लिया और सुरक्षित वहां से निकालकर नगर थाना ले गई. इस बीच कुछ लोगों ने डॉक्टर के साथ बदसलूकी भी की. परिजन नर्सिंग होम के संचालक के साथ-साथ डॉ पर कड़ी कार्यवाही की मांग कर रहे हैं. फिलहाल पूरे इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.

    रिपोर्ट. पंचम झा



    Related News