रांची में युवक से हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत से मचा हड़कंप

    रांची में युवक से हुई मारपीट, इलाज के दौरान मौत से मचा हड़कंप

    रांची (RANCHI): रांची से एक गंभीर मामला सामने आया है. डोरंडा थाना क्षेत्र में मारपीट की घटना में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया है. मृतक की पहचान अभिषेक लोहरा के रूप में की गई है. वह मारपीट की घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हो गया था और उसे इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

    अभिषेक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. गुस्साए परिजन बड़ी संख्या में डोरंडा थाना पहुंचे और मामले में शामिल सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की. परिजनों का आरोप है कि अभिषेक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी, जिसके कारण उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसने दम तोड़ दिया.

    मामले की गंभीरता को देखते हुए डोरंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शंकर लोहरा नामक युवक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में शंकर लोहरा की संलिप्तता सामने आई है. अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

    फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके. वहीं घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है. पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news