गिरिडीह (GIRIDIH): गिरिडीह के बिरनी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला समेत दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर माखमरगो पंचायत के बुवन गांव के पास की है.जानकारी के अनुसार बिरनी थाना क्षेत्र के जितकुंडी निवासी 55 वर्षीय वासुदेव साव, 60 वर्षीय लखिया देवी और 58 वर्षीय गनपत साव मंगलवार सुबह पैदल अपने घर से माखमरगो की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सरिया की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही एक पिकअप वैन ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी.
चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया.घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरनी ले गए, जहां डॉक्टरों ने वासुदेव साव और लखिया देवी को मृत घोषित कर दिया.वहीं गनपत साव की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया.हादसे के बाद ग्रामीणों में काफी आक्रोश देखा गया.
मामले की जांच कर रही है पुलिस
ग्रामीणों ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जितकुंडी में अपने कब्जे में रख लिया. इधर सूचना मिलने पर बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह भेज दिया. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट-दिनेश कुमार रजक

