रिश्ता शर्मसार! पाकुड़ में पति ने पत्नी और मासूम बेटी को मारकर दफनाया, गांव में फैली सनसनी

    रिश्ता शर्मसार! पाकुड़ में पति ने पत्नी और मासूम बेटी को मारकर दफनाया, गांव में फैली सनसनी

    पाकुड़ (PAKUR): जिले के महेशपुर प्रखंड से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घरेलू विवाद ने एक पूरे परिवार को तबाह कर दिया. इच्छानगर गारामारा गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और 12 वर्षीय बेटी की हत्या कर शवों को दफना दिया. घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. जानकारी के अनुसार, बुधवार देर रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी नरेश टुडू ने अपनी पत्नी शर्मीला किस्कू और बेटी नेहा टुडू की हत्या कर दी. वारदात को अंजाम देने के बाद उसने दोनों शवों को छिपाने के लिए गांव में बन रहे एक प्रधानमंत्री आवास के गड्ढे में दफना दिया.

    गुरुवार सुबह जब गांव वालों ने महिला और बच्ची को नहीं देखा तो उनकी तलाश शुरू की गई. काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला, जिसके बाद ग्रामीणों ने रद्दीपुर ओपी पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी संजय सिन्हा और ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की. पुलिस ने शक के आधार पर पति नरेश टुडू को हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में वह पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन कड़ी पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. आरोपी ने बताया कि उसने गांव के एक निर्माणाधीन मकान में गड्ढा खोदकर दोनों शवों को दफना दिया है.

    इसके बाद प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर खुदाई कराई गई. खुदाई के दौरान महिला और बच्ची के शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है. ओपी प्रभारी अजय उपाध्याय ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. पति-पत्नी के बीच विवाद की असली वजह क्या थी, इसका पता लगाया जा रहा है. फिलहाल आरोपी को हिरासत में रखकर पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है.



    Related News