रांची से छत्तीसगढ़ जा रही एसी बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

    रांची से छत्तीसगढ़ जा रही एसी बस में लगी भीषण आग, चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
    रांची से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई एक एसी बस में बुधवार शाम अचानक आग लगने की घटना सामने आई

    रांची (RANCHI): रांची से छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुई एक एसी बस में बुधवार शाम अचानक आग लगने की घटना सामने आई है. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस लपटों से घिर गई और धू-धू कर जलने लगी. हालांकि समय रहते बस चालक की सतर्कता और समझदारी के कारण बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई.

    जानकारी के अनुसार ‘शिवनाथ’ नाम की यह यात्री बस रांची से छत्तीसगढ़ की ओर जा रही थी. जब बस रांची के खरसिदाग इलाके में रिंग रोड के पास पहुंची, तभी अचानक बस के भीतर से धुआं निकलने लगा. देखते ही देखते धुआं आग में बदल गया और बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई. यात्रियों में दहशत फैल गई और सभी लोग जल्द से जल्द बस से बाहर निकलने की कोशिश करने लगे.

    स्थिति को समझते हुए बस चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया. इसके बाद उसने तुरंत बस का दरवाजा खोल दिया और यात्रियों को तेजी से बाहर निकलने में मदद की. चालक की तत्परता के कारण सभी यात्री समय रहते बस से उतर गए. इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है.

    हालांकि आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि कुछ ही मिनटों में पूरी बस उसकी चपेट में आ गई. देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर राख में तब्दील हो गई. इस दौरान बस में सवार करीब एक दर्जन यात्रियों का सामान भी आग में जलकर नष्ट हो गया.

    घटना की सूचना मिलते ही खरसीदाग ओपी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया. ओपी प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि सभी यात्री सुरक्षित हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news