रांची डीसी ने दुर्गा पूजा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारी के दिये निर्देश, जानिये क्या कहा 

    रांची डीसी ने दुर्गा पूजा को देखते हुए प्रशासनिक तैयारी के दिये निर्देश, जानिये क्या कहा 

    रांची (RANCHI): रांची डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने सभी अंलचधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासनिक तैयारी शुरू करने के निर्देश दिये हैं. कहा कि पंद्रह दिन पहले विभिन्न पूजा समितियों से मिलकर उनके बनाये जा रहे पंडालों का जायजा लें. पूजा समितियों को चेक लिस्ट सौंपें और सुरक्षा दृष्टि से आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करायें. उपायुक्त ने थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक करने के भी निर्देश दिये हैं. DC भू-राजस्व से संबंधित समीक्षात्मक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में आयोजित बैठक में अपर समाहर्त्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी बुंडू, जिला के सभी अंचलाधिकारी एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे.

    राजस्व पदाधिकारियों को भी दिये आवश्यक दिशा-निर्देश

    बैठक के दौरान उपायुक्त ने लंबित दाखिल-खारिज एवं भूमि सीमांकन, लंबित प्रमाण पत्र मामलों, विभिन्न एजेंसियों को भूमि हस्तांतरण के संबंध में अद्यतन स्थिति, अवैध जमाबंदी, विभिन्न एजेंसियों को जंगल भूमि से संबंधित अनापत्ति एवं एफआरए की समीक्षा करते हुए राजस्व पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

    निर्धारित समय में करें निपटारा 

    लगान निर्धारण, लगान वसूली और लैंड डिमार्केशन, सक्सेशन पार्टिशन म्यूटेशन आदि की अंचलवार समीक्षा की गयी. म्यूटेशन से संबंधित मामलों की समीक्षा के करते हुए उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निष्पादन योग्य मामलों का निर्धारित समय में निपटारा करने का निर्देश दिया.

    कार्य में लाएं तेजी

    जिले में नेशनल हाईवे के चल रहे प्रोजेक्ट में भू-अर्जन की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा उपायुक्त द्वारा की गयी. कैंप में लाभार्थियों के आवेदन, संबंधित दस्तावेज कलेक्ट कर भुगतान की प्रक्रिया की डीसी ने जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने को कहा. पलमा-गुमला सेक्शन अंतर्गत बेड़ो एवं इटकी अंचल में सरकारी एवं अधिग्रहित जमीन के म्यूटेशन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निदेश उपायुक्त द्वारा संबंधित अंचलधिकारी को दिया गया.

    समय सीमा के भीतर जमीन उपलब्ध कराएं

    भारत सरकार तथा राज्य सरकार के विभिन्न विभाग को भूमि हस्तांतरण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने समय सीमा के भीतर जमीन उपलब्ध कराने के निदेश संबंधित पदाधिकारियों को दिये. विभिन्न एजेंसियों को जंगलझारी भूमि से संबंधित अनापत्ति एवं एफआरए उपलब्ध कराये जाने संबंधी विषय पर उपायुक्त ने बैठक करने का निर्देश दिया.

    15 सितंबर तक स्कूलों के आवेदनों का निष्पादन 

    आय, आवासीय जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की समीक्षा करते हुए उपायुक्त् ने संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि सभी सरकारी विद्यालयों द्वारा जाति प्रमाण पत्र निर्गत कराने के कार्य को भी ससमय पूरा करायें. उन्होंने कहा कि 15 सितंबर तक स्कूलों से आये आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करायें.

    नियमित रूप से अपने कोर्ट की कार्यवाही करें

    बैठक के दौरान उपायुक्त  राहुल कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी अंचल नियमित रूप से अपने कोर्ट की कार्यवाही करें. सारे कॉउज लिस्ट और ऑर्डर को ऑनलाइन अपलोड करें और नियमित रूप से निर्धारित दिन अपने ऑफिस में उपलब्ध रहकर कोर्ट की कार्यवाही संपादित करें.

     

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news