हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से दो लोगों की मौत

    हजारीबाग में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से दो लोगों की मौत

    हजारीबाग (HAZARIBAGH): जिले के चरही क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. चरही ओवरब्रिज के पास स्थित प्रकाश होटल के पास तेज रफ्तार ट्रेलर के अनियंत्रित होने से बड़ा हादसा हुआ, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई है.

    मिली जानकारी के अनुसार ईंट लदा ट्रेलर बिहार शरीफ से रांची की ओर जा रहा था. सुबह करीब छह बजे जब वाहन चरही के पास पहुंचा, तभी चालक अचानक संतुलन खो बैठा. अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से जा टकराया. बताया जा रहा है कि सड़क किनारे कुछ वाहन चालक और यात्री चाय पीने के लिए रुके हुए थे. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में ट्रेलर में सवार दो लोग मलबे में दब गए, जिनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

    घटना की सूचना मिलते ही चरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की पहचान करने में जुटी हुई है. दुर्घटना के बाद कुछ देर तक हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया.

     



    Related News