गोड्डा: सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए 40 फीट नीचे रेल ट्रैक पर गिरा हाइवा, रेल परिचालन बाधित


गोड्डा (GODDA): जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलगामा के पास सोमवार अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया. महागामा-ललमटिया मार्ग से गुजर रहा एक हाइवा अनियंत्रित होकर सड़क की रेलिंग तोड़ते हुए लगभग 40 फीट नीचे एनटीपीसी की डाउनलाइन एमजीआर (MGR) ट्रैक पर जा गिरा. घटना के समय ट्रैक पर कोयला ढुलाई के लिए एक रैक भी मौजूद थी, जिससे कुछ देर के लिए रेल परिचालन प्रभावित हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अचानक संतुलन खो बैठा और सीधे रेल ट्रैक पर जा गिरा. हादसे में चालक लालू कुमार और उपचालक मनीष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. टक्कर के बाद चालक वाहन से उछलकर ट्रेन के एक बोगी के नीचे जा फंसे, जबकि उपचालक ट्रक के केबिन में ही दबे रह गए. आसपास मौजूद लोगों ने चीख-पुकार सुनकर तत्काल पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रौशन कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कराया. चालक को सुरक्षित निकालकर अस्पताल भिजवाया गया. उपचालक को बाहर निकालने के लिए NTPC की रेस्क्यू टीम को बुलाया गया. टीम प्रमुख शुभाशीष बनर्जी के नेतृत्व में पहुंचे दल ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे उपचालक को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा.
अधिकारियों ने बताया कि दोनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है. हादसे के कारण कुछ समय तक रेलखंड पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में बहाल कर दिया गया.
4+