संयुक्त सचिव के निरीक्षण के कुछ ही घंटे बाद धनबाद के SNMMCH में लग गई आग,कारणों की हो रही जांच

    धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH में शनिवार को संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला के निरीक्षण के कुछ घंटे बाद आग लग गई.

    संयुक्त सचिव के निरीक्षण के कुछ ही घंटे बाद धनबाद के SNMMCH में लग गई आग,कारणों की हो रही जांच

    धनबाद(DHANBAD): धनबाद के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल SNMMCH में शनिवार को संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला के निरीक्षण के कुछ घंटे बाद आग लग गई. संयुक्त सचिव ने अस्पताल की हालत पर नाराजगी व्यक्ति की थी. 

    जानकारी के अनुसार अस्पताल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग के कार्यालय में शनिवार की शाम अचानक आग भड़क गई. इसके बाद तो अफरा तफरी मच गई. कार्यालय के भीतर से धुआं उठता देख शोर की आवाज आने लगी. इसके बाद आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है. 

    इस घटना में विभाग की कई फाइल जल गई है. इसके कुछ घंटे पहले संयुक्त सचिव ने अस्पताल का निरीक्षण किया था. कुछ आवश्यक निर्देश भी दिए थे. दरअसल, सूत्र बताते हैं कि संयुक्त सचिव सबसे पहले ओपीडी पहुंचे. मेडिसिन विभाग में प्रवेश करते ही क्षतिग्रस्त टेबल, पर्दे की कमी तथा जरूरी उपकरणों का अभाव देखकर वह नाराज हुए. उन्होंने मौजूद डॉक्टर और अधिकारियों से पूछा कि क्या किसी मेडिकल कॉलेज की ऐसी हालत हो सकती है? 

    उन्होंने तत्काल सभी जरूरी सामान की खरीद कर व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्देश दिया. जानकारी के अनुसार निरीक्षण के क्रम में कुछ डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए. कुछ कर्मी भी अनुपस्थित थे. संयुक्त सचिव ने चिकित्सक और कर्मियों का वेतन काटने के साथ-साथ कारण पूछने का आदेश दिया. उनके जाने के कुछ ही घंटे बाद आग की इस घटना से कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं. यह अलग बात है कि आग सूचना के बाद अस्पताल के अधिकारियों में हड़कंप मच गया. 

    सभी बड़े अधिकारी अस्पताल पहुंचे. आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया. लेकिन तब तक कार्यालय में रखी कई संचिकाएं जलकर खाक हो चुकी थी. आग कैसे लगी ,जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो पाएगी.

    रिपोर्ट धनबाद ब्यूरो 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news