देशभक्ति का जज्बा: उत्साह और उमंग से लबरेज़ रही पहली बार रांची में निकली 300 मीटर तिरंगे वाली यात्रा


रांची(RANCHI): जहां तक नजर जाती, ठहर जाती. हर कोने में एक जज्बा. एक उत्साह. एक उमंग. जिसमें लबरेज़ थी देशभक्ति. रांची के लोग इस मामोहक दृश्य को देखने मानो मेन रोड पर उमड़ पड़े थे. बात ही कुछ ऐसी थी. पहली बार शहर में 300 मीटर तिरंगे लिए युवाओं की टोली निकली थी. फिजा में गूंज रहे थे भारत मां के जयकारे.
दरअसल राष्ट्रीय युवा शक्ति के सदस्य अध्यक्ष उत्तम यादव की अगुवाई में अपने संकल्प को पूरा करने निकले थे. एक सप्ताह पहले ही इन्होंने पहाड़ी मंदिर में संकल्प लिया था कि रांचीवासियों के बीच अमृत काल उत्सव को अनूठे ढंग से मनाना है. 300 मीटर लंबे तिरंगे बनने में समय लगा. जिसमें हर सदस्य ने लोगों का सहयोग लिया. क्योंकि देश की आजादी में हर वर्ग और रंग का योगदान रहा है.
यात्रा रातू रोड से निकाली गयी. जो एमजी रोड यानी मेन रोड पहुंचकर विशाल शोभायात्रा में बदल गई. जिसमें सैकड़ों की संख्या में युवा शामिल हुए. बता दें कि राष्ट्रीय युवा शक्ति पिछले 8 वर्षों से स्वतंत्रता दिवस को निराले ढंग से मनाती आ रही है. उत्तम यादव बताते है कि इस 14 अगस्त सुबह 7:30 बजे रांची के सभी मैदानों पर हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर राष्ट्रगान गाया गया. उसके बाद सभी शहीद स्थल एवं शहीद प्रतिमा की साफ-सफाई की गई. शाम में शहीद चौक से लेकर परमवीर अल्बर्ट एक्का चौक होते हुए उर्दू लाइब्रेरी तक राष्ट्रीय ध्वज, तिरंगे कलर का बैलून, शहीद का कट आउट एवं विद्युत सज्जा कर सजाया गया.
4+