चाईबासा में हार्डकोर नक्सली धराया

    चाईबासा में हार्डकोर नक्सली धराया

    चाईबासा (CHAIBASA) : चाईबासा पुलिस को नक्सलियों के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में एक हार्डकोर नक्सली को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार नक्सली कुछ महीनों पहले कोल्हान के रेगड़ाहातु जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच हुए मुठभेड़ में शामिल था. बता दें कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन कांडे होनहागा दस्ता का एक सक्रिय सदस्य टोन्टों आने वाला है. जिसके बाद टोन्टों थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी शुरू की गई. छापेमारी के क्रम में जैसे ही पुलिस दोष्टों गांव स्थित टोन्टों चौक पहुंची,  वैसे ही एक व्यक्ति पुलिस बल को देखकर भागने लगा. जिसे पुलिस ने दौड़ाकर पकड़ लिया. पूछताछ के क्रम में उस व्यक्ति ने अपना नाम बीरसिंह मुण्डारी बताया.

    युवाओं को कराता था संगठन में भर्ती

    पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी वर्ष 2018 में प्रतिबंधित माओवादी संगठन कांडे होनहागा दस्ता में शामिल हुआ था. जिसके बाद उसने वहां ट्रेनिंग प्राप्त की और तभी से यह काण्डे होनहागा दस्ता का एक सक्रिय सदस्य है. इसका मुख्य काम गांव में बैठक आयोजित कर स्थानीय नवयुवकों को इस प्रतिबंधित माओवादी संगठन में जोड़ना है. इसके अलावा यह कांडे होनहागा दस्ता के साथ अलग-अलग जगहों पर साथ घूमता रहता है. पुलिस ने बताया कि बीरसिंह मुण्डारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है. इसकी गिरफ्तारी से माओवादियों का मनोबल टूटा है.

     

     

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news