2 महीनों से लापता है कार चालक, अब तक हाथ नहीं लगा कोई सुराग


जमशेदपुर(JAMSHEDPUR)-मानगो डिमना चौक के पास पुष्पांजलि अपार्टमेंट के रहने वाले राहुल श्रीवास्तव 1 अगस्त से अपने घर से लापता हैं. राहुल श्रीवास्तव की मां कंचन श्रीवास्तव ने भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर अपनी व्यथा सुनाई. कंचन श्रीवास्तव ने विकास सिंह को बताया कि 1 अगस्त से उनका 28 वर्षीय बेटा घर से लापता है. उन्होंने बताया कि राहुल श्रीवास्तव ओला गाड़ी चलाया करते थे. 1 अगस्त को अपनी मां को राहुल ने बताया कि उसे ओला से चांडिल जाने का ऑर्डर मिला है इसलिए वह चांडिल जा रहा है. दोपहर 3:00 बजे जब राहुल की मां ने राहुल को फोन किया तो उसका दोनों मोबाइल स्विच ऑफ मिला. राहुल की मां को लगा कि उसके मोबाइल का बैटरी डाउन हो गया होगा इसलिए उन्होंने रात भर इंतजार किया. जिसके बाद अगले दिन एमजीएम थाने में जाकर अपने बेटे की गुमशुदगी की बात बताई.
भाजपा नेता विकास सिंह ने राहुल के परिजनों से मिल दी सांतवना
बता दें की राहुल के पिता मुंबई में नौकरी करते हैं. वहीं छोटा भाई भी बाहर रहता है. राहुल के परिजनों ने आरक्षी अधीक्षक से भी मिलकर अपनी परेशानी और बेटे की गुमशुदगी की बात बताई थी. लगभग दो महीने बीत जाने के बाद भी अब तक राहुल का कुछ पता नहीं चल पाया. राहुल की मां कंचन श्रीवास्तव ने बताया कि हर दरवाजे जाकर बेटे की गुमशुदगी की बात बताई, मंदिरों में भी जा कर पूजा की लेकिन अब तक राहुल का कुछ पता न चला. मौके में पहुंचे भाजपा नेता विकास सिंह ने राहुल श्रीवास्तव की मां को हिम्मत देते हुए कहा कि जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक से फिर मिलकर गंभीरता से पहल करने की मांग की जाएगी.
रिपोर्ट:अन्नी अमृता,जमशेदपुर
4+