पाकुड़ में अवैध लकड़ी का तस्करी घड़ल्ले से जारी, 53 बोटा साल की लकडी जब्त


पाकुड़(PAKUR): पाकुड़िया थाना पुलिस ने अवैध लकड़ियों से भरे एक ट्रक को पकड़ा है. घटना सिदों-कान्हू चौक के पास की है जहां खबर मिलते ही देर रात को पाकुड़िया थाना प्रभारी चन्दन कुमार गुप्ता ने कई किलोमीटर पीछा करते हुए कीमती इमारती लकडियों से भरे ट्रक को पकड़ने में सफलता हासिल की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को करीब 12 बजे रात को निकटवर्ती दुमका जिला के गोपीकांदर थाना प्रभारी अपने पुलिस जवानों संग नियमित गश्ती पर थे. इसी बीच उन्हें खबर मिली कि लकड़ियों से भरा एक ट्रक गोपीकांदर के कारुडीह मोड़ से होते हुए गुजर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया. लेकिन लकड़ी माफियाओं की गाड़ी की गति इतनी तेज थी कि वो गोपीकांदर पुलिस के चंगुल से बच गई. उसी समय पाकुडिया थाना प्रभारी भी गश्ती पर निकले थे. जिनके गिरफ्त में ट्रक फंस गई.
भागने में सफल रहा ट्रक ड्राइवर
दरअसल, गोपीकांदर ओ.सी. ने तुरंत ट्रक के भागने की सूचना पाकुडिया थाना प्रभारी चंदन कुमार गुप्ता को दी, जिसके उपरांत चंदन गुप्ता ने अविलंब तत्परता दिखाते हुए अपनी सीमा राजदहा के पास लकड़ी से भरे ट्रक को रोकने का प्रयास तो किया लेकिन घबराहट में ट्रक चालक लापरवाही दिखाते हुए पाकुडिया होते हुए बंगाल की ओर जाने का असफल प्रयास जारी रखा. खुद को पुलिस से घिरता देख ट्रक ड्राइवर ने सिदो-कान्हू मोड़ के पास चलती गाड़ी से छलांग लगा दिया और अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब रहा. इस भागम-भाग में लकड़ी लदी गाड़ी अनियंत्रित होकर बीच सड़क पर पलट गई और सड़क पर कीमती लकड़ियों का लट्ठा बिखर गया. पुलिस ने ट्रक के साथ लकड़ी को अपने कब्जे में ले लिया और इसकी सूचना जिले के वरीय पुलिस अधिकारी एवं वन विभाग के अधिकारियों को डे दी. सूचना पाकर रेंजर राम बालक प्रसाद सिदुकान्हू चौक पहुँच कर पूरी घटना का जायजा लिया. रेंजर ने पत्रकारों को बताया कि ट्रक में 53 बोटा साल एवं अन्य प्रजाति की कीमत्ती लकडियां हैं. रेंजर श्री प्रसाद ने बताया कि संबंधित लकड़ी और ट्रक मालिक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कड़ी से कड़ी कार्यवाई की जायेगी.
रिपोर्ट: मोहम्मद आसिफ, पाकुड़िया(पाकुड़)
4+