झारखंड की पांच ट्राइबल बेटियां अमेरिका में हॉकी में दिखाएंगी अपना हुनर, CM हेमंत ने दी शुभकामनाएं

    झारखंड की पांच ट्राइबल बेटियां अमेरिका में हॉकी में दिखाएंगी अपना हुनर, CM हेमंत ने दी शुभकामनाएं

    रांची (RANCHI): मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अमेरिका हॉकी खेलने जा रही महिला खिलाडियों से शिष्टाचार मुलाकत करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि राज्य की बच्चियां खेलों की दुनिया में बहुत तेजी से आगे बढ़ रही हैं. वे अपने प्रदर्शन से राज्य और देश का नाम दुनिया में रौशन कर रही हैं. हमें अपने खिलाड़ियों पर नाज है. हॉकी की इन प्रतिभावान बच्चियों का चयन अमेरिका में आयोजित होने वाले तीन सप्ताह के खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए  हुआ है. मुख्यमंत्री ने इन पांच हॉकी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई.

     खेल और खिलाड़ियों के लिए कई योजनाएं

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.  इस सिलसिले में कई योजनाएं शुरू की गई हैं. प्रतिभावान खिलाड़ियों की पहचान और उनके हुनर को निखारने के लिए विशेष पहल सरकार कर रही है.खिलाड़ियों के उत्तम कोटि के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जा रही है.विशेषकर हॉकी और फुटबॉल जैसे खेलों में ग्रामीण इलाकों से निकलने वाले खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिले. विभिन्न प्रतियोगिताओं में भागीदारी करने का मौका मिले.सरकार इसके लिए हर संभव कदम उठा रही है.खिलाड़ियों की जो भी जरूरतें होंगी, उसे पूरा किया जाएगा.खेलों की दुनिया में झारखंड एक शक्ति के रूप में उभरे और देश- दुनिया में एक अलग पहचान बनाएं.

     भागीदारी को लेकर उत्साहित हैं बच्चियां

    मुख्यमंत्री ने बच्चियों से कहा कि वे जब अमेरिका  से वापस आएंगी वे उनसे मिलेंगे और उनके अनुभवों को जानेंगे, ताकि आने वाले दिनों में उन्हें इस तरह के और भी मौके मिले इसके लिए प्रयास किया जा सके. 
     
     इन महिला हॉकी खिलाड़ियों का चयन

    खूंटी जिले की पुण्डी सरू और जूही कुमारी, सिमडेगा जिले की हेनरिटा टोप्पो और पूर्णिमा नेती तथा गुमला जिले की प्रियंका कुमारी का चयन अमेरिका के मिडिलबरी कॉलेज में  24 जून से 13 जुलाई तक आयोजित होने वाले खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के लिए  हुआ है.

    इस आधार पर हुआ है चयन

    ईस्ट इंडिया वीमेंस हॉकी एंड लीडरशिप कैंप के दूसरे संस्करण -2020 में आयोजित हॉकी प्रशिक्षण शिविर में प्रदर्शन के आधार पर शीर्ष पांच महिला हॉकी खिलाड़ियों का चयन इस कार्यक्रम के लिए किया गया  है.गौरतलब है कि एनजीओ शक्ति वाहिनी के साथ साझीदारी में यूएस कांसुलेट, झारखंड हॉकी फेडरेशन दक्षिण पूर्व रेलवे झारखंड पुलिस और ब्यूरो ऑफ एजुकेशनल एंड कल्चरल अफेयर्स के सहयोग से वर्ष 2018 में ईस्ट इंडिया हॉकी प्रोजेक्ट की शुरुआत की गई थी.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news