अग्निपथ के विरोध को लेकर कोडरमा स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, किया पुलिस बल ने फ्लैग मार्च

    अग्निपथ के विरोध को लेकर कोडरमा स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, किया पुलिस बल ने फ्लैग मार्च

    झुमरी तिलैया (JHUMRI TELAIYA): भारतीय सेना में बहाली को लेकर केंद्र की लाई गई अग्निपथ योजना का देश के कोने-कोने में विरोध हो रहा है. इस दौरान कई राज्यों में सरकारी संपत्तियों सहित रेलवे को भारी नुकसान पहुंचने की घटना हो रही है. इसके मद्देनजर धनबाद रेल मंडल ने कोडरमा के रास्ते चलने वाले कई यात्री ट्रेनों को रद्द कर दिया है. पिछले 3 दिनों से कोडरमा रेलवे स्टेशन पर रेलवे पुलिस और कोडरमा पुलिस की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है. रविवार की सुबह झारखंड बंद के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा बल कोडरमा और कोडरमा पुलिस ने दंगा निरोधक उपकरणों के साथ कोडरमा रेलवे स्टेशन के साथ-साथ इसके आसपास के शहरी इलाकों में फ्लैग मार्च किया. फ्लैग मार्च के दौरान रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक प्रभारी जवाहरलाल और तिलैया थाना के अवर निरीक्षक लव कुमार समेत रेलवे सुरक्षा बल सदस्य, कोडरमा जिला बल के कई जवान मौजूद थे. फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई.

    ये भी पढ़ें :

    बिहार बंद को लेकर ट्रेनों का परिचालन रहा ठप, रेल यात्री रहे परेशान

    इन ट्रेनों का परिचालन हुआ बाधित

    अग्निपथ योजना का विरोध प्रदर्शन का सीधा असर भारतीय रेलवे पर पड़ रहा हैं. आक्रोशित छात्र लगातार देश के लगभग हर कोने में ट्रेनों पर आग लगा अपनी नाराजगी जता रहे है. इस स्थिति को देखते हुए 35 ट्रेनों को रद्द कर दिया गया था. जबकि 200 अन्य ट्रेनें अपने समय से कई घंटे की देरी से चलीं. इसके अलावा 13 को शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया है. इस 35 ट्रेनों में पांच मेल और 29 एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, अकेले पूर्व मध्य रेलवे जोन में कुल 22 ट्रेनें रद्द की गई हैं. रेलवे अधिकारियों की मानें तो फिलहाल, इस बवाल के कारण हुए नुकसान का आकलन करना मुश्किल होगा. बता दें कि बिहार के समस्तीपुर और लखीसराय में शुक्रवार सुबह प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन को आग के हवाले कर दिया. पूर्व मध्य रेलवे के सीपीआरओ, एकलव्य चक्रवर्ती ने बताया कि हमारे अधिकार क्षेत्र में विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे छात्रों के आंदोलन के कारण 8 ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई. इनमें 12335 मालदा टाउन - लोकमान्य तिलक (टी) एक्सप्रेस और 12273 हावड़ा - नई दिल्ली दुरंतो एक्सप्रेस को रद्द किया गया है.

    रिपोर्ट: अमित कुमार, झुमरी तिलैया

     


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news