खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल लेकर गुमला पहुंची सुप्रीति को किया गया सम्मानित

    खेलो इंडिया में गोल्ड मेडल लेकर गुमला पहुंची सुप्रीति को किया गया सम्मानित

    गुमला (GUMLA) - गुमला जिला के घाघरा ब्लॉक की बेटी सुप्रीति कच्छप ने हरियाणा में हुई  खेलो इंडिया प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल अपने नाम किया है. जीत के बाद वापस घर आने पर जिला प्रशासन ने उनका सम्मान किया. सम्मान समारोह का आयोजन जिला के उपायुक्त सुशांत गौरव के कार्यालय कक्ष में हुआ.

     

    डीसी ने किया सम्मानित

    इस दौरान सुप्रीति की मां और भाई के साथ-साथ कोच भी मौजूद रहे. मौके पर डीसी सुशांत गौरव ने सुप्रीति को शॉल ओढ़ाकर और गुलदस्ता देकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि यह गौरव की बात है कि सुप्रीति जैसी प्रतिभावान खिलाड़ी गुमला जिला की बेटी है. उन्होंने सुप्रीति को कहा कि वह केवल खेल में ध्यान दें. इसमें सरकार उनके साथ है.

    पहले से थी प्रतिभा

    इस अवसर पर सुप्रीति कि मां ने कहा कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि उसकी बेटी के कारण उसे डीसी के कार्यालय में बुलाकर सम्मानित किया जाएगा. वहीं सुप्रीति ने कहा कि शुरू से ही खेल में उसकी रुचि थी. अब वह लगातार इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती है. सुप्रीति के कोच प्रभात रंजन तिवारी ने कहा कि जब सबसे पहले सुप्रीति उनके सम्पर्क में आई तो उन्हें इस बच्ची में प्रतिभा दिखी. इसके बाद अपनी पूरी क्षमता से उन्होंने इसे आगे बढ़ाने का काम किया और आज जब वह सफल हो रही है तो उन्हें काफी खुशी है. वहीं सुप्रीति की इस प्रतिभा की सफलता से अन्य बेटियों को प्रेरणा मिले, इसको लेकर जिला के प्रशासनिक पदाधिकारी लगे हैं. कार्यक्रम में मौजूद जिला के नजारत उप समाहर्ता सिद्धार्थ शंकर चौधरी ने कहा कि जिला के खिलाड़ियों को जमकर उनके सामने सुप्रिति अपनी बातों को रखेगी ताकि वे भी उससे प्रेरित होकर सफलता पाने के रास्ते पर चल सके.

    रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news