भागा रेलवे फाटक को खुलवाने पर राजनीति जारी, अब कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन


धनबाद(DHANBAD) - स्थानीय लोग ,भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भागा के बंद रेलवे फाटक को खुलवाने का बीड़ा उठाया है. जामाडोबा बाजार से कांग्रेस के आह्वान पर आज एक पैदल मार्च निकाला गया. पैदल मार्च में शामिल लोग हाथों में तख्तियां लिए हुए थे और रेल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. रैली का नेतृत्व कांग्रेस नेता शमशेर आलम और झरिया विधायक प्रतिनिधि सूरज सिंह कर रहे थे.
सूरज सिंह ने बताया कि झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने आद्रा डीआरएम से बात की है. उन्होंने कहा है कि कागजी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. एक सप्ताह के भीतर गेट खोलने का काम शुरू हो जाएगा. कांग्रेस नेता शमशेर आलम ने कहा कि भाजपा सांसद और भाजपा विधायक ने पूर्व पार्षद मनोज साव के आमरण अनशन तुड़वाने के समय कहा था कि एक सप्ताह में गेट खुल जाएगा ,मगर काफी समय बीत चुके है.
रेलवे तो केंद्र सरकार के अधीन है, भाजपा सांसद चाहे तो काम बहुत जल्दी हो सकता है. जुलूस में पूर्व पार्षद अफताब आलम ,आरिफ सिद्दीकी ,राजेश गुप्ता ,किशोर कुमार ,निसार अहमद ,इमरान अंसारी ,मुर्शीद आलम, अवधेश गिरी सहित दुकानदार और आसपास के लोग शामिल थे.
4+