बिजली की अनियमित आपूर्ति से परेशान कोयलांचल वासी, जीएम से मिले भाजपा नेता, समस्या से करवाया अवगत


धनबाद(DHANBAD) - कोयलांचल में सूरज तप रहा है, धरती जल रही है, गर्मी की वजह से लोगों का जीना मुश्किल हो गया है. दूसरी ओर बिजली संकट कोढ़ पर खाज का काम कर रहा है. शहरी इलाकों में 6 से 8 घंटा और ग्रामीण इलाकों में 10 से 12 घंटे तक बिजली कटौती हो रही है. यह स्थिति एक दिन की नहीं बल्कि हर दिन का यही हाल हैं.
पल्ला झाड़ लेता है विभाग
लोगों को न दिन में चैन मिल रहा है, न रात में. जिनके घरों में छोटे-छोटे बच्चे हैं, उन्हें तो और भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है. बिजली विभाग है कि कभी डीवी सी के माथे खेलता है तो कभी मेंटेनेंस की बात कह पल्ला झाड़ लेता है. सवाल यह है कि आखिर यह सब स्थिति कितने दिनों तक बनी रहेगी. अधिकारी भी सिर्फ आश्वासन देते हैं, करते कुछ नहीं है.
बिजली महाप्रबंधक से भेंट
आज भाजपा के आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने नेत्री रागिनी सिंह के नेतृत्व में बिजली महाप्रबंधक अजीत कुमार से भेंट की और उन्हें अपनी परेशानी बताई. कहा कि बिजली संकट से झरिया ही नहीं, धनबाद-सिंदरी सब जगह की यही स्थिति है. इस मौके पर भाजपा जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि इस सरकार की जो कार्य प्रणाली है उसे बहुत ज्यादा उम्मीद नहीं है फिर भी जीएम साहब ने जो आश्वासन दिया है उस पर हम भरोसा करते है. अगर उनका आश्वासन पूरा नहीं होगा तो हम लोगों के पास आंदोलन के सिवा कोई विकल्प नहीं बचता. बता दे कि कोयलांचल में त्राहिमाम के हालत है.
रिपोर्ट : प्रकाश, धनबाद
4+