जमशेदपुर(JAMSHEDPUR): जमशेदपुर के टेल्को थाना के खडंगाझार निवासी आकाश कुमार सिन्हा के अपहरण का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सिदगोड़ा पोस्टऑफिस ग्राउंड निवासी अभिषेक कुमार, बागुननगर निवासी सीतारामडेरा उरांव, बस्ती निवासी सन्नी नायक और प्रदीप कुमार शामिल हैं. इस मामले में कुल 11 लोग की संलिप्तता सामने आई है. पुलिस अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.
दो होमगार्ड जवान भी शामिल
जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बताया कि आकाश का अपहरण करने के लिए 15 दिनों से रेकी की जा रही थी. अभिषेक ने आकाश को कई बार जॉब के लिए फोन भी किया था. आकाश के पास काफी रुपए हैं और वह गलत तरीके से रुपए कमाता है, इसकी जानकारी अभिषेक ने सुनील को दी. इसके बाद चार लोगों ने मिलकर इस घटना को अंजाम देने के लिए रेकी की. घटना के दिन 27 मई को सभी ने मिलकर आकाश और शुभम का अपहरण किया. यहां से दोनो को पीएम मॉल के पास लेकर जाया गया. जहां से शुभम को सरायकेला और आकाश को सिदगोड़ा लेकर गए. सिदगोड़ा में उन्होंने अपने एक साथी के घर पर दोनों को रखा था. यहां से अभिषेक ने अपने साथी प्रदीप जो बीटेक का छात्र रह चुका है, उसे बुलाया और आकाश द्वारा इन्वेस्ट किए गए रुपयों की जानकारी ली. अभिषेक ने आकाश के कृप्टो करेंसी के बारे में जानकारी ली और उसे अपने खाते में ट्रांसफर करने का प्रयास किया पर, वह ट्रांसफर नही हुआ. इसके बाद आकाश ने अपने परिजनों से रुपए मांगे. फिरौती की रकम देने के बाद दोनो को छोड़ दिया गया. उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने में दो होमगार्ड के जवान भी शामिल है.
ये है मामला
27 मई को आकाश कुमार सिन्हा का अपहरण कर लिया गया था. आकाश के परिजनों से 60 लाख की फिरौती मांगी गई थी. परिजनों ने 13 लाख और आकाश ने एक लाख रुपए अपने खाते में से दिए. परिजनों ने फिरौती की रकम जुबली पार्क के गेट नंबर 2 के पास दी. दूसरे दिन आकाश को छोड़ दिया गया था.
रिपोर्ट: रंजीत ओझा, जमशेदपुर
Thenewspost - Jharkhand
4+

