दुमका(DUMKA): दुमका एसपी अंबर लकड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर एसडीपीओ सदर नूर मुस्तफा के नेतृत्व में गठित टीम ने जिले के टोंगरा थाना क्षेत्र के बांसकुली गांव में छापेमारी कर 56 क्विंटल से ज्यादा बाखर जब्त किया है. बाखर का उपयोग देसी शराब के निर्माण में किया जाता है. झारखंड में इसका निर्माण, क्रय और विक्रय अवैध है. पुलिस ने इस मामले में सुसेन साहा, बास्कीनाथ साहा, दीपक साहा, अशोक गोराई, लालटु साहा, जगदीश साहा, सुधीर साहा एवं मिलन बागती को गिरफ्तार किया है. सभी आठों आरोपी को आज कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
बरसों से गांव में बाखर निर्माण का कार्य
प्रेस वार्ता में एसडीपीओ नूर मुस्तफा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि बांसकुली गांव में वृहत पैमाने पर बाखर का निर्माण किया जा रहा है. सूचना के आधार पर जब पुलिस उस गांव में पहुंची तो बाखर निर्माण होते देख दंग रह गई. बाखर निर्माण झारखंड में अवैध है लेकिन बरसों से उस गांव में बाखर निर्माण का कार्य वृहद पैमाने पर किया जाता रहा है. गिरफ्तार किए गए आरोपी ने भी बताया कि यह उनका पुश्तैनी धंधा है और बरसों से वे इसे करते आ रहे हैं. पुलिस ने 26 क्विंटल 25 किलो ग्राम बाखर एवं शराब के निर्माण में प्रयुक्त होने वाला अन्य सामग्री को भी जब्त किया है.
रिपोर्ट: पंचम झा, दुमका
Thenewspost - Jharkhand
4+

