नगर निगम का नया फरमान : बिजली पानी के बाद अब ताजी हवा के लिए भी लगेगा टैक्स


धनबाद(DHANBAD): धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम में मॉर्निंग वॉकर के लिए भी प्रवेश शुल्क लगाने को लेकर धनबाद नगर निगम लोगों के निशाने पर है. लोग तरह-तरह के प्रश्न कर रहे हैं, कह रहे हैं कि बिजली का भुगतान तो करते ही हैं, पानी का भी करते हैं, शौचालय कर भी देते हैं तो अब सुबह की ताजी हवा के लिए भी निगम को क्या टैक्स देना होगा? बता दें कि करोड़ों की लागत से गोल्फ ग्राउंड रणधीर वर्मा स्टेडियम में आकर्षक पार्क का निर्माण कराया गया है. यह पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल की महत्वाकांक्षी योजना थी.
पार्क तो तैयार हो गया लेकिन विवाद से इसका नाता नहीं छूट रहा है. पार्क बनने के साथ ही नामांकन को लेकर विवाद हुआ. फिर यह विवाद सलट भी गया. लेकिन, अब निगम ने मॉर्निंग वॉकर से रोज ₹15 प्रवेश शुल्क लेने का निर्णय लिया है और यह इंप्लीमेंट भी हो गया है. इसके विरोध में मॉर्निंग वॉकर उठ खड़े हुए हैं.
विधायक राज सिन्हा ने ज्ञापन शुल्क की घटाने की मांग
आज विधायक राज सिन्हा ने भी नगर आयुक्त से मुलाकात की. उन्हें ज्ञापन दिया और शुल्क घटाने की मांग की. राज सिन्हा ने कहा कि नगर आयुक्त का कहना है कि सब कुछ मेंटेन करने में खर्चे है. ट्रैक का रख-रखाव ठेकेदार को करना है, बाकी जो अन्य खूबसूरती प्रदान की गई है, उसमें खर्च होता है. जेनरेटर चलता है. फिर भी उन्होंने मांग की है कि कम से कम मंथली शुल्क 100 रुपये किया जाए, दूसरी ओर नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार का कहना है कि धनबाद के लोगों ने ही डिमांड किया था कि शुल्क लगाया जाए नहीं तो यह पार्क बर्बाद हो जाएगा. रख-रखाव नहीं हो पाएगा, पार्क के रखरखाव में खर्चे हैं. इन सबको देखते हुए शुल्क लगाया गया है. बावजूद विधायक के अनुरोध पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा.
रिपोर्ट: शाम्भवी के साथ प्रकाश, धनबाद
4+