धनबाद (DHANBAD) : निरसा के कापासरा आउटसोर्सिंग में चल रहे अवैध खनन से एक बार फिर चाल धंसने की खबर सामने आई है. हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है. इसके साथ ही कई और लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
पूर्व विधायक ने लिया घटनास्थल का जायज़ा
घटना की सूचना मिलने के बाद पूर्व विधायक अरूप चटर्जी शाम सात बजे घटनास्थल पहुंचे. वहां स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वह घटनास्थल तक गए. काफी मशक्कत के बाद वह उस जगह पहुंचे जहां घटना हुई थी. उन्होंने वहां देखा कि एक बहुत बड़े क्षेत्र में अवैध उत्खनन का काम किया जा रहा है. पास में एक ग्रामीण का शव पड़ा हुआ था, जिसे उसके साथियों ने बोरियों से ढक दिया था. सूत्रों के अनुसार ग्रामीणों ने दो लोगों के शव निकाल लिए थे. घटनास्थल का नज़ारा देख पूर्व विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि प्रशासन अगर एक सौ मीटर के दायरे में बचाव कार्य शुरू कराये तो और कई लाशें निकलेगी. वहीं ग्रामीणों का कहना है कि मृतक बंगाल के बीरभूम के थे. सूचना मिलने पर निरसा पुलिस एवं सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गई है.
रेस्क्यू ऑपरेशन करें प्रशासन - अरूप चटर्जी
अरूप चटर्जी ने कहा कि बांस का सपोर्ट बना कर सैकड़ों ग्रामीण रोजाना उस मौत नुमा मुहाने में जाते हैं और कोयला काटते हैं. उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन एक सौ मीटर के दायरे में रेस्क्यू ऑपरेशन करे, तो दर्जनों शव निकल सकते हैं. जानकारी के अनुसार मुहाना देखकर यह कतई अनुमान नहीं लगाया जा सकता है कि अंदर में आधा किलो मीटर से अधिक समतल मैदान है. हद तो यह है कि खदान में शव पड़ा है, उसे ढक दिया गया था और कोयला कटा जा रहा था. बता दें कि कोयलांचल में अवैध उत्खनन कुटीर उद्योग का रूप ले लिया है. घटनाएं लगातार हो रही हैं, लोग मर रहे हैं. बावजूद अवैध उत्खनन बंद नहीं हो रहा है. दुर्घटनाओं में दब कर मरने वालों की लाशें तस्कर गायब कर देते हैं. वहीं उनके परिवार वाले भी उनकी मौत पर चुप रहते हैं. जिसके कारण मरने वालों की लाश को सद्गति तक नहीं मिलती.
रिपोर्ट : बिनोद सिंह, निरसा/धनबाद
Thenewspost - Jharkhand
4+

