गोड्डा (GODDA) : आज जब मां की ममता और उसके समर्पण को सलाम करते हुए दुनिया मदर्स डे मना रही है, गोड्डा में दो अलग अलग मांओं के बच्चे का शव लावारिस हालत में बरामद हुए. रविवार की सुबह गोड्डा पाकुड़ मुख्य मार्ग पर जमनी के समीप कझिया पुल के नीचे दो अलग अलग स्थानों पर दो नवजात बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. दोनों ही बच्चों के शरीर पर अस्पताल के टैग भी लगे हुए थे. टैग पर दोनों के जन्म की तारीख भी लिखी हुई थी. एक मे एक मई और दूसरे में 4 मई की तारीख भी अंकित थी.
बाइक सवार दो युवक मां के दिल के टुकड़ों को फेंक गए
दो दो नवजात बच्चों के शव नदी के दो अलग अलग स्थानों पर देख ग्रामीणों की भीड़ बच्चों को देखने उमड़ गयी. ग्रामीणों ने नगर थाना की पुलिस की गश्ती वाहन को सूचना दी. सूचना पाकर पुलिस वहां पहुंची और शव को कब्जे में लिया और ग्रामीणों से पूछताछ भी की. नगर थाना के ASI SN दुबे ने बताया कि ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार दो युवक बाईक पर आए थे और कपड़े में लिपटी कोई चीज नदी में रखते हुए लोगों ने देखा. मगर जब तक ग्रामीण उन युवकों के पास पहुंचते तब तक दोनों फरार हो गए. नगर थाना की पुलिस द्वारा दोनों नवजातों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. साथ ही बच्चों के शरीर पर लगे टैग से बच्चों के परिजनों का भी पता लगाया जा रहा है. बता दें कि टैग में दो अलग मां का नाम अंकित था.
रिपोर्ट : अजीत सिंह, गोड्डा
Thenewspost - Jharkhand
4+

