विधायक के विरोध में धरने पर बैठी महिला की हालत बिगड़ी, अस्पताल जाने से इंकार


धनबाद(DHANBAD): बाघमारा के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो से प्रताड़ित परिवार आज तीसरे दिन भी अनशन पर है. इस बीच अनशनकारियों की हालत बिगड़ रही है. पीड़ित अशोक महतो की पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई है. उनका ब्लड प्रेशर गिर गया है. शरीर में पानी की कमी हो गई है. डॉक्टरों ने आज जांच की, उन्हें अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन परिवार अस्पताल जाने को तैयार नहीं हुआ.
परिवार का दुकान हड़पना चाहते हैं विधायक
बता दें कि चीटाही धाम मंदिर के गेट पर अशोक साहू की दुकान है और विधायक ढुल्लू महतो की उस पर बुरी नजर है. वह दुकान को और उसकी जमीन को हथियाना चाहते है. दुकान के आगे टैंकर खड़ा करवा दिए हैं और उसके आगे-पीछे ईंट गिरा कर जाम करा दिया है. यह आरोप अशोक महतो ने लगाया है. इधर, धरना के समर्थन में आज बाघमारा के पूर्व विधायक जलेश्वर महतो धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि बाघमारा में गुंडाराज चल रहा है. यह सब घटनाएं इसकी पुष्टि कर रही है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि अविलंब पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए.
“प्रजातन्त्र का उड़ाया जा रहा है मजाक”
इधर, छात्र नेता जयराम भी धरना स्थल पर पहुंचे और कहा कि प्रजातंत्र का मजाक उड़ाया जा रहा है. पीड़ित परिवार को न्याय मिले, गरीब का खून चूस कर धन इकट्ठा करने वाले को भी एक दिन सब कुछ यहीं छोड़ कर जाना होगा. उन्होंने ऐसे लोगों को सुझाव दिया कि धन अगर आपके पास है तो या तो उसे खर्च करिए या दान करिए, नहीं तो उसका नाश हो जाएगा. उन्होंने विधायक ढुल्लू महतो पर कटाक्ष किया और कहा कि गरीब को सताना कतई उचित नहीं है, प्रजातंत्र तभी सफल कहा जाएगा, जब गरीब को न्याय मिले.
रिपोर्ट: शाम्भवी के साथ प्रकाश
4+