नगर पंचायत में पीएम आवास योजना से अवैध वसूली का आरोप, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

    नगर पंचायत में पीएम आवास योजना से अवैध वसूली का आरोप, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

    पलामू ( PALAMU - छत्तरपुर नगर पंचायत में लाभुकों को आवंटित पीएम आवास योजना में अवैध वसूली की जा रही है, चुने हुए जनप्रतिनिधियों के द्वारा अपने रिश्तेदारों को पीएम आवास का लाभ दे दिया गया है. साथ ही पीएम आवास के लाभुक अपने क़िस्त के भुगतान के लिए नगर पंचायत कार्यालय की खाक छान रहे हैं. 


    5 सूत्री मांग पत्र सौंपा

      इस मसले को लेकर छतरपुर विकास मंच के अध्यक्ष अरविंद गुप्ता चुनमुन और नगर पंचायत के उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा उर्फ बूल बाबा ने  छतरपुर के अनुमंडल अधिकारी नरेंद्र गुप्ता को संयुक्त रूप से 5 सूत्री मांग पत्र सौंपा. दरअसल नगर पंचायत में असली जरूरतमंद कई लाभुक अभी भी आवास सुविधा से वंचित हैं.  पीएम आवास के लाभुकों की निम्नांकित समस्याओं की ओर नेता द्वय ने ध्यान आकृष्ट कराया. पीएम आवास के लाभुकों के क़िस्त भुगतान में हो रही देरी को दुरुस्त कर ससमय लाभुकों को भुगतान सुनिश्चित कराई जाए. पीएम आवास में व्याप्त घूसखोरी को अविलम्ब रोका जाए. जरूरतमंद लाभुकों को ही पीएम आवास सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जाए.

    पीएम आवास के आवंटन में की गड़बड़ियों की जांच कराई जाए और दोषी लोगों पर कार्रवाई हो. साथ ही पीएम आवास में हो रही गड़बड़ियों के मद्देनजर एक टीम बना कर उसकी जांच करवाई जाए. ज्ञापन सौंपने के बाद अरविंद गुप्ता चुनमुन ने कहा कि भ्रष्टाचार के दावानल में नगर पंचायत जल रहा है. आवास योजनाओं में लाभुकों का खून चूसा जा रहा है. लाभुक नगर पंचायत का चक्कर लगा लगा कर परेशान हैं. 

    अगर नगर पंचायत ने इन कारगुजारियों पर रोक नहीं लगाई तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा. वहीं नगर के उपाध्यक्ष सुभाष मिश्रा ने कहा कि नगर पंचायत में मनमानी चरम पर है सिस्टम बेलगाम हो चुका है. जब हमने भी भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठाई तो मुझे भी नगर पंचायत में दरकिनार कर दिया गया है.  इस मौके पर दोनों ने छतरपुर के  एसडीओ से छतरपुर नगर पंचायत में पीएम आवास के आवंटन में हुए घोटालों और अवैध वसूली के मद्देनजर जांच कर कार्रवाई करने का आग्रह किया है. वहीं एसडीओ ने ज्ञापन के मद्देनजर तत्काल नगर पंचायत को पत्र प्रेषित करने का निर्देश अपने सहायक को दिया और कहा कि ज्ञापन के आलोक में वे जांच कर दिलोशियों पर कार्रवाई की अनुशंसा करेंगे.


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Our latest news