धनबाद (DHANBAD) : कानून अमीरों के लिए है, गरीबों की नहीं सुनता. जिसके पास ताकत है वह कानून को अपनी जेब में रख कर घूमता है. वहीं आम लोग न्याय की गुहार लगाने के लिए अधिकारियों के कार्यालयों का चक्कर काटते काटते थक कर मौत की नींद सो जाते हैं. ये कहना है कुंती महतो, अशोक महतो तथा उनके परिजनो का जो पिछले कई महीने से बाघमारा के भाजपा विधायक ढुल्लू महतो के खिलाफ आंदोलन पर हैं. परिजनों का कहना है कि बाघमारा के चीटाही धाम में बने राम मंदिर के आसपास की उनकी जमीन को विधायक ने जबरन हड़प लिया है और लगातार उन लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं.
इस संदर्भ में वह लोग लगातार प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रहे हैं. प्रशासन ने भी कई बार उन्हें आश्वासन दिया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. पीड़ित परिवार का आरोप है कि चीटाही धाम राम मंदिर के समीप उनके जमीन के पास टैंकर खड़ी कर उनके जीवन यापन के जरिये को निशाना बनाया जा रहा है.
प्रशासन सिर्फ आश्वासन पर आश्वासन दे रहा है
इस संबंध में जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया था कि उचित जांच पड़ताल कर जमीन पर अवैध ढंग से खड़े टैंकर और ईंट के ढेर को हटा दिया जाएगा. परंतु आश्वासन अब तक सिर्फ आश्वासन बना हुआ है. इसके विरोध मे पीड़ित परिवार रणधीर वर्मा चौक पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा हुआ है, जिससे कि उनकी आवाज एक बार फिर जिला प्रशासन तक पहुंचे और उचित कार्रवाई की जाए.
रिपोर्ट : शांभवी, सिंह, धनबाद
Thenewspost - Jharkhand
4+

