झुमरी तिलैया (JHUMRI TILAIYA) - डाकघरों की व्यवस्था बदल गयी है. झुमरी तिलैया के मुख्य डाकघर के अलावा कोडरमा व जयनगर उप डाकघर में पार्सल रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट की बुकिंग और पीएलआई की प्रीमियम के भुगतान जैसे कार्य डिजिटल पेमेंट के माध्यम से आसानी से किए जाने लगे हैं. यूपीआई आधारित ऑनलाइन भुगतान की शुरुआत होने से ग्राहकों को अब नगद भुगतान नहीं करना पड़ेगा. डाकघर के प्वाइंट ऑफ सेल्स काउंटर पर बार कोड को भी लगा दिया गया है. इसे मोबाइल से स्कैन करके यूपीआई आधारित ऑनलाइन भुगतान किया जा सकता है. काउंटर पर लगाए गये बारकोड की रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी. कोडरमा डाक निरीक्षक दिवाकर कुमार ने बताया कि जिले के तीन डाकघरों में यह सुविधा शुरू हो गयी है. आने वाले दिनों में अन्य डाकघरों में भी कैशलेस भुगतान होगा. डाकघर को हाईटेक करने की दिशा में डिजिटल कैशलेस पेमेंट की सुविधाओं में विस्तार किया जा रहा है. डाकघर के काउंटरों पर भुगतान के लिए ग्राहकों को कई बार खुले पैसे न होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. देश व विदेश भेजे जाने वाले पार्सल का शुल्क भी कम हो जाता है. इन समस्याओं से निपटने के लिए डाक विभाग की ओर से पार्सल, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट की बुकिंग और पीएलआई (पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस) के प्रीमियम के भुगतान जैसे कार्य के लिए ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू की गई है. इसके लिए काउंटर पर बारकोड को भी लगा दिया गया है. बारकोड को मोबाइल से स्कैन करके लोग पार्सल रजिस्ट्री स्पीड पोस्ट की बुकिंग और पीएलआई के प्रीमियम का भुगतान आसानी से कर सकते हैं.
रिपोर्ट : अमित कुमार, झुमरी तिलैया


.jpeg&w=1536&q=85)