पलामू (PALAMU) : जिले के हुसैनाबाद में मंगलवार की देर रात अलग-अलग सड़क दुर्घटना में दो युवकों रंजीत कुमार पाठक और पंकज कुमार पासवान की मौत हो गई. जबकि अन्य एक युवक को रेफर कर दिया गया और एक का इलाज हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है.
घटनाक्रम
समाचार के अनुसार हुसेनाबाद थाना के दंगवार ओपी क्षेत्र के दंगवार गांव निवासी श्रीकांत पाठक के 19 वर्षीय पुत्र रंजीत कुमार पाठक और रामजन्म मेहता के 19 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार मेहता मंगलवार की देर रात एक ही बाइक पर सवार होकर जपला आ रहे थे. इस बीच बराही मोड़ के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर बाइक असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इससे दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए. पुलिस और राहगीरों की मदद से उन्हें हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया. जहां चिकित्सकों ने रंजीत कुमार पाठक को मृत घोषित कर दिया. वहीं दीपक मेहता का इलाज अनुमंडलीय अस्पताल में किया गया.
दूसरी घटना
वहीं दूसरी घटना में हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ऊपरी गांव निवासी दशरथ पासवान का 18 वर्षीय पुत्र पंकज कुमार पासवान और टिकरी गांव निवासी 17 वर्षीय सूरज पासवान अपने घर से दंगवार की ओर जा रहे थे. इसी दौरान बराही पुल के पास जपला-दंगवार मुख्य सड़क पर एक अज्ञात वाहन के चपेट में आ गए. जिससे दोनों युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए. राहगीरों की मदद से उन्हें हुसैनाबाद के अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां इलाज के दौरान पंकज पासवान की मौत हो गई. जबकि सूरज पासवान को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर के एमएमसीएच रेफर कर दिया गया. बुधवार को हुसैनाबाद अनुमंडलीय अस्पताल में दोनों मृतकों का अंत्यपरीक्षण कराकर शव परिजन को सौंप दिया गया है.
रिपोर्ट : ज़फर हुसैन,पलामू


