गर्मी से झुलस रहा झारखंड का पलामू, दोपहर में सड़कें सुनसान


पलामू (PALAMU) : पलामू सहित पूरा झारखंड इन दिनों तपती गर्मी से परेशान हैं और लगातार राहत की उम्मीद लगाए हुए हैं. पलामू का अधिकतम तापमान झारखंड में सबसे अधिक रिकार्ड किया जा रहा है. आसमान आग बरसा रहा है. गर्म हवाएं चल रही हैं. यह स्थिति पिछले कई दिनों से बनी हुई है. यहां औसतन से चार-पांच डिग्री अधिक तापमान है. डाल्टनगंज में पिछले 24 घंटे में 44.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने कल के लिए भी चेतावनी जारी की है, इसके अनुसार पलामू समेत झारखंड के चार जिलों में तापमान 45 डिग्री के आसपास रहेगा.
कई दशक के बाद राज्य में इतना अधिक तापमान
स्थानीय लोगों का कहना है कि इतना अधिक तापमान पिछले कई दशक से नहीं देखा गया है. लोगों ने कहा कि इस गर्मी में कूलर और AC भी जवाब दे दे रहा है. जिले में लगातार टूट रहे गर्मी के रिकॉर्ड से जन-जीवन बेहाल हो गया है. सड़कों पर एक्के-दुक्के लोग दिख रहे हैं. जहां कभी सैकड़ों लोगों की चहलकदमी रहती थी, वहां सुनसान सड़के हैं. लगन और रमजान को लेकर शाम और सुबह में ग्राहक दुकानों में पहुंच रहे हैं. महिलाएं, पुरुष और बच्चे सिर और चेहरे को ढक कर घरों से निकल रहे हैं.
स्कूलों के समय में परिवर्तन
लगातार बढ़ रही गर्मी को देखते हुए इससे बचने के लिए केंद्रीय आपदा विभाग ने सभी राज्यों के लिए एडवाइजरी भी जारी की है. हालांकि मौसम विभाग ने 29 अप्रैल से दो मई 2022 के बीच मौसम में बदलाव की संभावना भी व्यक्त की है. विभाग का कहना है कि इस दौरान आकाश में हल्के बादल छाये रहेंगे, जबकि उत्तर-पूर्वी भाग में हल्की बारिश हो सकती है. जिला प्रशासन द्वारा गर्मी व लू की स्थिति को देखते हुए स्कूल, मीड डे मिल आदि के समय में परिवर्तन हो गए हैं. स्कूल सुबह में जल्दी शुरू कराए जा रहे हैं और दोपहर से पहले बंद हो जा रहे हैं. बावजूद यह समय बच्चों के लिए अभिशाप की तरह लग रहा है. सार्वजनिक स्थलों पर पीने के पानी की भी व्यवस्था की गई है.
द न्यूज़ पोस्ट की अपील
द न्यूज़ पोस्ट भी लोगों से अपील करता है कि लोग धूप में बेवजह बाहर जाने से बचें और बाहर निकलते समय सर को अच्छे से ढकें. साथ ही पर्याप्त पानी का सेवन करें. तैलीय खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें. अपने पशुओं को छाया में रखें और पीने के लिए ताजा पानी दें और उनके रहने के स्थान को हवादार रखें.
रिपोर्ट: अमन प्रताप सिंह, पलामू
4+