गोविंदपुर के पेट्रोल पंप में फायरिंग ,कर्मचारी को लगी गोली 

    गोविंदपुर के पेट्रोल पंप में फायरिंग ,कर्मचारी को लगी गोली

     धनबाद (DHANBAD) : गोविंदपुर के गायडेहरा  सिटी फ्यूल्स पेट्रोल पंप में अपराधियों ने गुरुवार की देर रात को फायरिंग की.  गोली पंप कर्मचारी राजेश पासवान को लगी, उसे अस्पताल में दाखिल कराया गया है.  घटना की सूचना मिलते ही गोविंदपुर पुलिस पहुंची.  पुलिस टीम ने धनबाद रोड समेत आसपास के इलाकों में छानबीन की, परंतु अपराधियों का पता नहीं चल पाया.  यह पेट्रोल पंप अमरपुर निवासी गुलाम कादिर का है. इसके पहले भी इस पंप में गोली चली थी. 
     
    पल्सर मोटरसाइकिल से आये थे अपराधी 

    रात करीब 11.26 बजे जेएच 10  टी/3637 नंबर की काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो अपराधी करीब एक घंटे से पंप के पास रहे थे.  वह किसी के आने की प्रतीक्षा कर रहे थे.  इसी बीच पंप कर्मी राजेश पासवान ने दोनों संदिग्धों से पूछताछ की तो उस पर गोली चला कर भाग निकले.  गोली राजेश के बायें पैर में लगी, उसे इलाज के लिए के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद में भर्ती कराया गया है.  दोनों अपराधी एक ही बाइक पर सवार होकर ऊपर बाजार की ओर से आए थे और घटना को अंजाम देकर ऊपर बाजार की ओर ही भाग निकले.  

    एक ने मास्क पहन रखा था तो दूसरे ने गमछी बांध राखी थी 

    एक अपराधी मास्क पहना था, जबकि दूसरे ने गमछी से  चेहरा ढंक लिया था.  गोलीबारी की घटना सुनकर पेट्रोल पंप मालिक गुलाम कादिर, उनके भाई सोहराब अंसारी समेत दर्जनों लोग पंप पहुंचे.  डीएसपी अमर कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और मामले की तहकीकात की.  वर्ष 2020 के दिसंबर में हुई गोलीबारी के बाद प्रशासन ने गुलाम कादिर एवं सोहराब अंसारी को अंगरक्षक मुहैया कराया था, जिसे 6 माह पूर्व वापस ले लिया गया है.  

     वर्ष 2020 में हुई थी गोलीबारी

    वर्ष 2020 के दिसंबर में भी गोलीबारी हुई थी.  इस मामले में कई लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था.  उस गोलीबारी में अमन सिंह गिरोह का नाम सामने आया था.  रंगदारी के लिए गोलीबारी की बात सामने आई थी.  पुलिस ने मामले का पर्दाफाश कर लिया था, पिछली बार अमन सिंह के नाम पर रंगदारी मांगी गई थी, नहीं देने पर जान से मारने की भी धमकी मिली थी.  



    Related News