हजारीबाग ( HAZARIBAGH) : झारखंड में बीते कई महीनों से बालू का अवैध खनन और कारोबार चरम पर पहुंचा हुआ है. बालू के अवैध खनन और कारोबार में माफिया और अपराधियों का गठजोड़ दिखता है. बालू के अवैध खनन और कारोबार में राजनीतिक दलों का समर्थन भी दिखता है जिसके कारण नदियों के घाटों से बालू के अवैध खनन और कारोबार में अपराधी और माफिया के लोग लगे हुए हैं. अब बालू के अवैध खनन और कारोबार को लेकर माफिया और अपराधियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई शुरू हो गई है. जिस का नजारा हजारीबाग जिला के गिद्दी थाना क्षेत्र में देखने को मिला है. यहां कई राउंड फायरिंग हुई. पोकलेन फूंक दिया गया.
क्या है मामला
माफियाओं और अपराधियों के बीच अब प्रतिबंधित संगठनों का भी पदार्पण हो गया लगता है. गिद्दी थाना क्षेत्र के गिद्दी-दत्तो सीमावर्ती क्षेत्र के दामोदर नदी घाट पर बीती रात अपराधियों ने धावा बोल दिया. अपराधियों ने लगभग छह राउंड हवाई फायरिंग की. जिससे घाट पर बालू ढुलाई में लगे लोगों में भगदड़ मच गई. इस दौरान अपराधियों ने बालू ढुलाई में लगे फोकलेन मशीन में आग लगा दी. घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है. आसपास के लोग भी कुछ बताने को तैयार नहीं हैं. जानकारी के अनुसार लंबे अरसे से उक्त घाट से पोकलेन और हाइवा के जरिये बालू की ढुलाई हो रही है. आशंका जताई जा रही है कि लेवी को लेकर उग्रवादी संगठन द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है. कयास यह भी लग रहे हैं कि बालू कारोबार में वर्चस्व को लेकर घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि पुलिस मामले में कुछ भी बताने से कतरा रही है. भुरकुंडा पुलिस से पूछने पर कहती है कि यह घटना गिद्दी थाना क्षेत्र में हुआ है. वहीं इस संबंध में गिद्दी पुलिस से पूछने पर कहती है कि यह घटना भुरकुंडा थाना क्षेत्र में घटी है. इसके कारण अभी तक घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंच पाई है. हालांकि रामगढ़ एसपी ने हजारीबाग जिले के गिद्दी थाना क्षेत्र का मामला बताया है.
रिपोर्ट : जयंत कुमार, रामगढ़
Thenewspost - Jharkhand
4+

