कोयलांचल मॉर्निंग अपडेट्स: एक नजर में पढ़िए कोयलांचल के अखबारों की क्या है हेडलाइंस


अगर सुबह की हड़बड़ाहट में नहीं पढ़ पाए हैं न्यूज़पेपर तो एक नजर में पढ़िए खास खबरें रविवार दिनांक 17 अप्रैल को धनबाद के प्रमुख अखबारों की हेडलाइंस इस प्रकार है-
छठी के 10.93 परसेंट नौवीं के 19 . 58 परसेंट छात्रों ने छोड़ दी पढ़ाई: धनबाद के सरकारी स्कूलों में पांचवी छठी कक्षा के 10.93% विद्यार्थियों ने पढ़ाई छोड़ दी है. अपर प्राइमरी से हाई स्कूल जाने के क्रम में 19.58% छात्रों ने पढ़ाई छोड़ी है. जिला में सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों के ड्रॉपआउट का यह आंकड़ा सत्र 20 21 की तुलना में 21 22 के दौरान छात्रों की संख्या में हुए परिवर्तन के आधार पर विभाग ने तैयार किया है. छात्रों की संख्या में हुए परिवर्तन का यह आंकड़ा 30 मार्च 22 तक का है. ड्रॉपआउट दर के इसी आंकड़े के आधार पर जिला में बैक टू स्कूल कैंपेन शुरू किया गया है . (प्रभात खबर)
निरसा की राजा कोलियरी से 11 ट्रैक्टरों पर कोयला लूट कर ले भागे तस्कर: निरसा थाना क्षेत्र में कोयला तस्करों का मनोबल बढ़ा हुआ है. शुक्रवार की रात को ईसीएल की राजा कोलियरी में आउटसोर्सिंग का बैरियर तोड़कर तस्करों ने सुरक्षाकर्मियों के साथ मारपीट की. दहशत फैलाने के लिए 2 राउंड फायरिंग भी किए जाने की चर्चा है. सीआईएसएफ की टीम ने करीब 7 टन कोयला लदा एक ट्रैक्टर को जप्त किया है. जबकि सूचना है कि 11 ट्रैक्टर कोयला लूटकर तस्कर भागने में सफल रहे. एरिया के सुरक्षा अधिकारियों ने घटना की लिखित शिकायत पुलिस से की है. पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के अलावा अज्ञात कोयला तस्करों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है. (प्रभात खबर)
एक को छोड़ किसी निजी अस्पताल ने नहीं किया आयुष्मान योजना से इलाज: बकाया भुगतान नहीं होने से नाराज नर्सिंग होम संचालकों ने आयुष्मान योजना से जुड़े मरीजों का इलाज बंद कर दिया है. शनिवार को धन सार स्थित एसजीआई अस्पताल में सिर्फ 6 लोगों का इलाज किया गया है. इसके अलावा किसी भी अस्पताल में आयुष्मान के मरीज का इलाज नहीं हुआ है. अस्पताल पहुंचने पर मरीजों को वापस लौटा दिया जा रहा था. उन्हें साफ कहा जा रहा था कि अगर इलाज कराना है तो बिल भुगतान करना होगा ,आयुष्मान से इलाज नहीं होगा. (प्रभात खबर)
कोयले की किल्लत से बिजली संकट के आसार: देश के कई राज्यों में समय से पहले भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग में तेज वृद्धि हुई है. इसके कारण थर्मल पावर प्लांट में कोयले की खपत बढ़ने से यूपी, बिहार झारखंड के बिजली संयंत्रों में भी स्टॉक घटने लगा है .कोल इंडिया के अधिकारिक सूत्रों के अनुसार 30% बिजली संयंत्र में कोयले का स्टॉक क्रिटिकल श्रेणी में है यानी यहां 7 दिन से कम का कोयला बचा है. स्थिति नहीं सुधरी तो यह सुपरक्रिटिकल श्रेणी में आ जाएगा. (हिंदुस्तान)
प्रेमिका को प्रेमी से छुड़ाने के लिए धैया पेट्रोल पंप पर संग्राम: प्रेमिका को प्रेमी से छुड़ाने के लिए पहुंचे लड़की पक्ष और लड़का पक्ष के बीच शनिवार की रात धैया रानी बांध के पास स्थित पेट्रोल पंप पर जमकर मारपीट हुई. लड़की पक्ष ने प्रेमी से लड़की को छुड़ाने का काफी प्रयास किया लेकिन प्रेमी के पक्ष में पहुंचे लोगों ने लड़की पक्ष की एक न चलने दी. लड़की वालों के सामने से लड़की को प्रेमी के साथ वहां से भगा दिया. मामले की जानकारी पाकर धनबाद थाना के पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया. (हिंदुस्तान)
एमबीबीएस की सीटें एक सौ करने के प्रस्ताव को मंजूरी: बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने एसएनएमएमसीएच की एमबीबीएस सीट को 50 से बढ़ाकर 100 करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस संबंध में सहमति पत्र मेडिकल कॉलेज को भेज दिया गया है. विश्वविद्यालय की दो सदस्यीय टीम की जांच के बाद यह निर्णय लिया गया . (दैनिक भास्कर)
8 माह में चौथी धमकी, झुका नहीं तो बोलेगा हथियार ,पुलिस बोली यह कोई बहरूपिया है: कांग्रेस नेता और ठेकेदार मोहम्मद इसराइल उर्फ लाला को फिर धमकी दी गई है. तीन बार पहले भी उन्हें धमकाया जा चुका है. अब शनिवार को सुबह 7:00 बजे उनके मोबाइल पर धमकी भरा वीडियो भेजा गया. उसमें चेहरे पर गमछा बांधे और हाथ में हथियार लिए एक शक्स नजर आ रहा है और खुद को प्रिंस खान बता रहा है. वह लाला को गालियां देते हुए कहता है कि घर में घुस कर मारेंगे, उसी के लिए हथियार मंगवाया है. गन दिखाते हुए कहता है कि तुम्हारी मौत का फरमान इसी में है. धनबाद में हर कोयला कारोबारी रेलवे नगर निगम या ठेकेदार को छोटे सरकार को मैनेज करना होगा. छोटे सरकार के सामने सिर झुकाना ही होगा, नहीं झुकाया तो यह हथियार बोलेगा. 54 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है . (दैनिक भास्कर)
रिपोर्ट: सत्यभूषण सिंह, धनबाद
4+