मंत्री-सांसद ने किया कॉलेज कैंपस का दौरा, दी वादों की सौगात


गुमला (GUMLA) : भारत सरकार के मत्स्य व पशुपालन मंत्रालय के मंत्री पुरुषोत्तम रुपाली एक दिन के दौरे पर गुमला पहुंचे. यहां उन्होंने जिले के पदाधिकारियों के साथ केंद्र की योजनाओं को लेकर समीक्षा की. वहीं उन्होंने अपने मंत्रालय द्वारा संचालित मत्स्य महाविद्यालय का दौरा किया. इस दौरान उनके साथ बीजेपी के दो सांसद सुदर्शन भगत व महेश पोद्दार भी मौजूद रहे. केंद्रीय मत्स्य मंत्री पुरुषोत्तम रुपाली ने मत्स्य महाविद्यालय का दौरा कर वहां मौजूद सुविधाओं का अवलोकन करने के साथ ही मत्स्य महाविद्यालय की समस्याओं की जानकारी ली. उन्होंने कहा कि यह मत्स्य महाविद्यालय भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जहां से रोजगार पाने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बच्चे निकलेंगे. उन्होंने कहा कि इसके लिए जो भी सुविधा चाहिए सरकार की ओर से वे उपलब्ध करवाने का काम करेंगे. वहीं महाविद्यालय के डीन एसके सिंह ने कहा कि वे इसे बेहतर तरीके से संचालित करना तो चाहते हैं लेकिन कई समस्या उनके के लिए बाधा पैदा कर रही है.
सांसद फंड से होगा हॉस्टल का निर्माण
इस अवसर पर मौजूद बीजेपी के राज्य सभा सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि गुमला जैसे आदिवासी बहुल इलाके के लिए यह कॉलेज एक वरदान है. इससे इलाके के युवक-युवतियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को भी काफी लाभ मिलेगा. वहीं स्थानीय सांसद सुदर्शन भगत ने कहा कि उनकी ओर से भी महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार पहल की जा रही है. उन्होंने अपने सांसद फण्ड से महाविद्यालय के लिए हॉस्टल निर्माण के लिए राशि देने की भी बात कही.
रिपोर्ट : सुशील कुमार सिंह, गुमला
4+