कार्यशाला आयोजित :हमेशा सकारात्मक सोच रखे ,शांति मिलेगी 

    कार्यशाला आयोजित :हमेशा सकारात्मक सोच रखे ,शांति मिलेगी

    धनबाद(DHANBAD) | जिला प्रशासन के सौजन्य से तथा जिला योजना पदाधिकारी  महेश भगत की अध्यक्षता में आज न्यू टाउन हॉल में जिला प्रशासन के कर्मियों को मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने, मन पर महारत हासिल करने और मन व कर्म पर काबू रखने के लिए प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सहयोग से कार्यशाला का आयोजन किया गया. इस अवसर पर संस्थान के मुख्यालय माउंट आबू से आई सुमन दीदी ने कहा कि मन पर काबू रखने से कर्म पर काबू पाया जाता है. 

    ईश्वरीय ज्ञान और अच्छी बातों से मन तंदुरुस्त रहता है
     
    ईश्वरीय ज्ञान और अच्छी बातों से मन तंदुरुस्त रहता है.  दिन की शुरुआत और दिन का अंत सकारात्मक सोच से करे.  
    उन्होंने कहा जैसा सोचेंगे वैसा हम बनेंगे, जैसा कर्म होगा वैसा फल मिलेगा.  हमें अपने अंदर स्वयं का दर्शन करना है.  यही जीवन का सार है, इसी से हम जैसा चाहेंगे वैसा बन सकेंगे.  यह सब प्राप्त करने का सही मार्ग ध्यान है, ध्यान करने से सही कर्म करने की ताकत मिलती है, जीवन में परिवर्तन आता है. 
    सुमन दीदी ने कहा कि अपने मन को समझना आध्यात्म है.  यह अंदर का अंधेरा दूर करता है, इंसान को अपने को समझने का ज्ञान प्राप्त होता है.  ध्यान से विचारों की गति कम होती है.  मन की ताकत बढ़ती है, मन की दृढ़ता से हर कार्य सिद्ध होते है.  मन एक छोटे बच्चे के समान है, प्यार और समझाकर उसे काबू में किया जा सकता है.मनुष्य के स्वभाव पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि शांति की कमी के कारण हमें गुस्सा आता है, इसलिए हमेशा सकारात्मक सोच रखें, इससे कठिन से कठिन कार्य भी आसानी से संपन्न किए जा सकते है. साथ ही आत्मा के सात गुणों पर भी उन्होंने प्रकाश डाला. 

    हमेशा सकारात्मक सोच रखे 

    कार्यक्रम के समापन पर जिला योजना पदाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन के कर्मियों को मानसिक रूप से स्वस्थ बनाए रखने, मन पर महारत और नियंत्रण रखने व विचारों को सही दिशा में रखने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया. उन्होंने कहा ध्यान ही एकमात्र ऐसा माध्यम है जो धनात्मक ऊर्जा का विकास करता है.  आज की कार्यशाला से सभी कर्मचारियों में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है.  यह ऊर्जा धनबाद जिले के विकास में अग्रणी भूमिका निभाएगा, उन्होंने सभी कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि सुमन दीदी की बातों का जीवन में आत्मसात् करें, नई ऊर्जा के साथ समाज, परिवार और सरकारी कार्य में अपने को आदर्श साबित करे. कार्यशाला में जिला योजना पदाधिकारी  महेश भगत, प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के मुख्यालय माउंट आबू से आई सुमन दीदी, धनबाद सेंटर की अनु दीदी, पश्चिम बंगाल सेंटर की रमन दीदी, मनिषा मंजू, अंकित, नव्या सहित सभी विभागों के कर्मचारी उपस्थित थे. 


    the newspost app
    Thenewspost - Jharkhand
    50+
    Downloads

    4+

    Rated for 4+
    Install App

    Related News

    Our latest news