बिजली गुल रहने से मानगो की जनता बेहाल, नाराज लोगों ने दिया रात भर धरना


जमशेदपुर (JAMSHEDPUR) - बिजली की आंख मिचौनी से जमशेदपुर के गैर टिस्को इलाके मानगोवासी बेहाल हैं. कुछ लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह के नेतृत्व में रातभर बिजली अभियंता के कार्यालय में धरना दिया. लोगों ने सोचा शायद इससे विभाग की तंद्रा भंग हो. वहीं धरने के दौरान विकास सिंह ने बताया कि मानगो की भोली-भाली जनता बिजली से त्रस्त हो गई है. रात 12:00 बज गए थे. लेकिन बिजली नहीं आई थी. इस वजह से बच्चे सो नहीं पा रहे थे. वहीं लोगों ने बताया कि बिजली विभाग में फोन करने पर कोई फोन रिसीव नहीं कर रहा था.
"बता तो दें कि बिजली नहीं दे सकते"
विकास सिंह ने कहा कि विभाग को चाहिए कि अखबार में प्रकाशित कर दें कि विभाग बिजली देने में सक्षम नहीं है. इसके बाद जनता बिजली की मांग नहीं करेगी. सरकार बड़ी-बड़ी पोस्टर होल्डिंग लगवा रही है और अपनी कामयाबी का ढिंढोरा पीट रही है. वहीं दूसरी ओर जनता बिजली के लिए त्राहिमाम कर रही है. धरना के कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास सिंह, मनोज शर्मा, संदीप शर्मा, महेश प्रसाद, सचिन कुमार, शिव साहू, हरिओम प्रसाद, संजय सिंह, सुजय चक्रवर्ती, विनय गुप्ता वगैरह शामिल हुए.
रिपोर्ट : अन्नी अमृता, जमशेदपुर
4+